राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ CM Yogi भी आएंगे शहर... इस दिन होगा कानपुर रिंग रोड परियोजना का शिलान्यास
गडकरी के साथ सीएम योगी भी आएंगे शहर
कानपुर, अमृत विचार। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की 93.2 किलोमीटर कानपुर रिंग रोड परियोजना का शिलान्यास करने 15 फरवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शहर आएंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी होंगे। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के एक बड़े पदाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
कानपुर रिंग रोड परियोजना में सचेंडी-मंधना और सचेंडी-रमईपुर में समतलीकरण का कार्य शुरू हो गया है। सचेंडी-मंधना में ढाई लाख क्यूबिक घन मीटर मिट्टी भराई का कार्य भी हो गया है। इस पैकेज में कुल 46 लाख क्यूबिक घन मीटर मिट्टी भराई का काम होगा। योजना के शिलान्यास के लिए नितिन गडकरी 15 को शहर आएंगे।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम सचेंडी में आयोजित हो सकता है। केंद्रीय मंत्री रायबरेली, उसके बाद कानपुर और फिर उन्नाव पहुंचेंगे। कार्यक्रम में नितिन गडकरी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी होंगे। कई और मंत्री व जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। इस बड़े कार्यक्रम को लेकर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड ने तैयारी शुरू की है। पदाधिकारियों का कहना है कि एक दो दिन में सीएम का कार्यक्रम आ सकता है।
लालगंज-उन्नाव फोरलेन हाईवे का होगा लोकार्पण
केंद्रीय मंत्री सबसे पहले रायबरेली में लालगंज-उन्नाव फोरलेन हाईवे का लोकार्पण करेंगे। वहां से केंद्रीय मंत्री सीधे कानपुर आएंगे, जहां वह रिंग रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। साथ ही कानपुर-अलीगढ़ जीटी रोड फोरलेन सड़क और चकेरी-प्रयागराज सिक्स लेन सड़क का लोकार्पण करेंगे। वहां से उन्नाव जाएंगे, जहां वह रिंग रोड के उन्नाव के हिस्से का शिलान्यास और उन्नाव-लालगंज फोरलेन सड़क का लोकार्पण करेंगे।
ये भी पढ़ें- Kanpur: चमड़े पर हाथ की सिलाई करना सीखेंगे युवा…कौशल विकास केंद्र से मिशन को भेजा गया प्रस्ताव
