रेलवे लखनऊ मंडलीय चिकित्सालय में मिलेगी कई आधुनिक सुविधाएं,मरीजों को नहीं होना पड़ेगा परेशान
डीआरएम ने किया शुभारंभ,मरीजों से पूछा कुशलक्षेम
लखनऊ अमृत विचार । उत्तर रेलवे के डीआरएम एस.एम.शर्मा ने सोमवार को उत्तर रेलवे के मंडलीय चिकित्सालय में नवीनीकृत वार्ड केबिन का उद्घाटन किया। 34 बेड की क्षमता वाले इस वार्ड केबिन में डिफाइब्रिलेटर मॉनिटर,ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर,कार्डियक मॉनिटर, ईसीजी मशीन, इन्फ्यूजन पंप,सभी बिस्तरों पर सक्शन पंप, नेब्युलाइज़र, पाइप से ऑक्सीजन की आधुनिक उपकरणों की सुविधाएं प्रदान की गई हैं, जोकि मरीजों के लिए एक अच्छी चिकित्सा प्रक्रिया में सहायक सिद्ध होंगी ।
मण्डल रेल प्रबंधक ने इस नवीनीकृत वार्ड की विशेषताओं की जानकारी लेने के साथ चिकित्सालय में आने वाले मरीजों उनके परिजनों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण भी किया । उन्होंने इस दौरान मरीजों से संवाद करते हुए उनके उपचार संबंधी विचारों को साझा कर सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की । इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता सागर समेत अन्य चिकित्साधिकारी,पैरा मेडिकल स्टाफ,यूनियनों के पदाधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
