लखीमपुर खीरीः बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
पलिया कलां, अमृत विचार। प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल ने सोमवार को पलिया बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह एड. रहे।
मुख्य अतिथि ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी एड., उपाध्यक्ष राजाराम वर्मा, महामंत्री अरुण अवस्थी, संयुक्त मंत्री कमलेश कुमार, कोषाध्यक्ष उपेंद्र राणा, अंकेक्षक कमाल इदरीशी व पुस्तकालयाध्यक्ष अखिलेश राणा एड. को शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्य अतिथि अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले अधिवक्ताओं ने अंग्रेजों की सभी चालें भांपकर देश आजाद कराने में जहां महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं आजादी के बाद भी लोगों को न्याय दिलाने में वे पीछे नहीं हैं।
उन्होंने इस मौके पर कई उदाहरण देते हुए शासन-प्रशासन और समाज में आई गिरावट का भी जिक्र किया। भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने भाजपा सरकार द्वारा अधिवक्ताओं के हित में की गई घोषणाओं का जिक्र कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष पलिया केबी गुप्ता एड. सहित जिलाअधिवक्ता संघ के महामंत्री विश्वास श्रीवास्तव, तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता अशर्फीलाल, रामचंद्र अवस्थी, शारदा प्रसाद राणा आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार आरती यादव, कोतवाल विवेक उपाध्याय, तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव कुमार शुक्ला, अमित महाजन, अजीत सिंह, सुनील शुक्ला आदि मौजूद रहे। संचालन अधिवक्ता विकास गुप्ता ने किया।
