Kannauj: कच्छा-बनियान गिरोह के चार डकैतों को सात-सात साल की सजा... शहर के दो घरों में डकैती की वारदातों को दिया था अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में कच्छा-बनियान गिरोह के चार डकैतों को सात-सात साल की सजा

कन्नौज, अमृत विचार। शहर में दो घरों में परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले कच्छा-बनियान गिरोह के चार डकैतों को विशेष न्यायाधीश (एंटी डकैती) ने जेल में बिताई अवधि सात साल सात माह 20 दिन कारावास की सजा सुनाई है। चारों डकैतों पर पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया है। जुर्माने की रकम अदा न करने पर दोनों को दस-दस दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। 

शासकीय अधिवक्ता बृजेश शुक्ल ने बताया कि जनपद संभल के थाना आसमौली क्षेत्र के ग्राम सदीमपुर निवासी नजर हुसैन उर्फ पंजाबी, अजमल, शाबिद व इस्तखार उर्फ जौनी निवासी बेला जनपद औरैया ने शहर के दो घरों में डकैती की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों घटनाओं का मुकदमा दर्ज कर डकैतों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे लूट का माल भी बरामद हुआ था।

पुलिस ने चारों डकैतों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया था तथा अभियोजन पक्ष की तरफ से 18 गवाह पेश किए गए थे। चारों डकैत पिछले सात साल से अधिक समय से जेल में बंद थे। कोर्ट में चारों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

विशेष न्यायाधीश (एंटी डकैती) इंद्रजीत सिंह ने चारों डकैतों को दोष सिद्ध करते डकैती व घातक चोट पहुंचाने के आरोप में जेल में बिताई गई अवधि सात वर्ष सात माह 20 दिन का कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विदित हो कि इससे पूर्व 30 जनवरी को इसी गिरोह के दो डकैतों सुल्तान उर्फ राशिद व बरांडी उर्फ शोएब को भी कोर्ट ने सात साल की सजा सुनाई थी। 

इन मामलों में हुई सजा

केस-एक :

शहर के मोहल्ला बालाजी नगर में एक मई 2016 की रात में यशवीर सिंह भदौरिया के मकान पर सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया और परिजनों को बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। डकैतों ने लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए थे। सभी बदमाश कच्छा-बनियान पहने हुए थे। मारपीट में दंपती समेत बेटा व बेटी घायल हुए थे। 

केस-दो : 

शहर के मोहल्ला नसरापुर नई बस्ती में एक मई 2016 की रात डेढ़ बजे के करीब कच्छा-बनियान गिरोह के बदमाशों ने सोहन मिश्रा के मकान पर धावा बोल दिया तथा परिजनों को बंधक बनाकर लाठी-डंडे व सरिया से पीटा। डकैतों ने नगदी व लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए थे। बदमाशों की पिटाई से भाभी रेनू मिश्रा व बेटी काजल मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। 

कच्छा-बनियान गिरोह में शामिल डकैत

1. मुकीम उर्फ मुन्ना निवासी भोजपुर पीपल, जनपद मुरादाबाद
2. साबिर उर्फ कोकी निवासी सदीमपुर थाना आसमौली जनपद संभल
3. नत्थू उर्फ जंगली निवासी सदीमपुर थाना आसमौली जनपद संभल
4. अजमल खान निवासी सदीमपुर थाना आसमौली जनपद संभल
5. शादाब उर्फ लंबरदार निवासी पंडुआ चौराहा थाना भोगांव जनपद मैनपुरी
6. नईम उर्फ छोटा निवासी ग्राम बेला थाना बेला जनपद औरैया
7. इस्तखार उर्फ जौनी निवासी ग्राम बेला थाना बेला जनपद औरैया
8. नजर हुसैन उर्फ पंजाबी निवासी सदीमपुर थाना आसमौली जनपद संभल
9. शोएब उर्फ बरांडी निवासी सदीमपुर थाना आसमौली जनपद संभल
10. राशिद उर्फ सुल्तान निवासी सदीमपुर थाना आसमौली जनपद संभल

ये भी पढ़ें- Etawah News: ऑटो चोरी करने वाले पांच आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार... चोरी का माल बरामद

 
 

संबंधित समाचार