अयोध्या : चौक में बनेगी बहुमंजिला पार्किंग, वरासत शुल्क घटकर हुआ एक हजार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर निगम की बोर्ड बैठक में विकास के विभिन्न प्रस्तावों पर हुई चर्चा 

अयोध्या, अमृत विचार। बहुप्रतीक्षित नगर निगम बोर्ड की बैठक मंगलवार को महानगर को विकसित करने के मंथन के साथ शुरू हुई। सोमवार को बैठक स्थगित होने के बाद मंगलवार को पूर्व जारी एजेंडे पर बैठक का आगाज हुआ। नगर निगम बोर्ड की बैठक में महानगर के सभी क्षेत्रों में विकास को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में नक्शा पास करने की एनओसी पर टैक्स, वरासत शुल्क घटाने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा शहर के हृदयस्थल चौक में महिलाओं के लिए यूरिनल व मल्टीलेवल पार्किंग बनाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ। नगर निगम क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए और क्या अच्छा किया जा सकता है, इस पर बोर्ड ने मंथन किया। 
       
कई प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने वार्ड को लेकर भी सदन में बात रखी। इससे पहले गांधी सभागार में आयोजित हुई बोर्ड की बैठक में पिछले वर्ष अक्टूबर में अपूर्ण रहे विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों ने अपने क्षेत्र के विकास व विभिन्न मुद्दों पर प्रस्ताव पेश किया। करीब ढाई घंटे चली बैठक में टैक्स, विकास कार्यों व अन्य सुविधाएं विकसित करने पर जोर रहा। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि पूर्व में हुई बोर्ड की बैठक में काफी सारे प्रस्ताव ऐसे थे, जिन पर स्वीकृति नहीं हो सकी थी। बोर्ड बैठक में उन सभी प्रस्तावों को पढ़ा गया और पार्षदों के प्रस्ताव थे, उस पर विचार किया गया। उन प्रस्तावों पर कार्यवाही हो। उन्होंने बताया कि पिछली बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों जो अगली बैठक तक कार्यवाही नहीं हुई तो संबंधित विभागाध्यक्षों के खिलाफ शासन को पत्र लिखा जाएगा। 

नक्शा पास कराने की अनापत्ति प्रमाणपत्र पर होगा टैक्स कम 
महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड की बैठक में नक्शा पास करने के अनापत्ति प्रमाण पत्र पर टैक्स कम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वरासत मामलों में शुल्क पांच हजार से घटाकर एक हजार किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर के चौक में महिलाओं की सुविधा के लिए यूरिनल बनाए जाने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से मंथन किया गया। महापौर ने बताया कि चौक में नगर निगम की पार्किंग प्रस्तावित है, उसके लिए शासन एक करोड़ रुपये मिले हैं, जल्द ही वहां पर एक मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। महापौर ने बताया कि बैठक में सबसे पहले प्रधानमंत्री का राम मंदिर निर्माण के वातावरण निर्माण करने व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या के विकास को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।

स्वच्छता, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था के बेहतर इंतजाम 
अयोध्या में आ रहे श्रद्धालुओं को नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकाश की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम बेहतर प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि अयोध्या में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पेयजल व प्रकाश व्यवस्था के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। 

बोर्ड बैठक के कुछ अहम फैसले
- चौक में बनेगी मल्टीलेवल बहुउद्देशीय पार्किग
-चौक में महिलाओं के लिए प्रसाधन की भी होगी व्यवस्था
-वरासत मामलों में शुल्क पांच हजार से घट हुआ एक हजार
-नक्शा पास कराने के अनापत्ति प्रमाणपत्र का टैक्स भी हुआ कम
-सभी वार्डों में एक समान विकास कार्यों की बनाई जाएगी योजना
-नगर निगम में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध ढंग से होगा निस्तारण

ये भी पढ़ें -Madrasa board exam : पहले दिन की परीक्षा में अनुपस्थित रहे 663 छात्र, 11 मदरसों में शुरू हुईं बोर्ड परीक्षाएं

संबंधित समाचार