लखीमपुर खीरीः ऐसे तो छात्रवृति का लाभ पाने से वंचित रह जाएंगे हजारों छात्र, दशमोत्तर योजना में नहीं भेजा गया सत्यापित डाटा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः वर्ष 2023-24 में प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में धीमी प्रगति के साथ ही आवेदन पत्र सत्यापित किए जा रहे हैं, जिससे दशमोत्तर छात्रवृति योजना के तहत लाभ पाने से हजारों छात्र-छात्राओं को वंचित होना पड़ सकता है। पहले वेबसाइट की तकनीकी समस्या से छात्रों को आवेदन करने में विलंब हुआ था, जिसके बाद अब कॉलेज स्तर पर फार्म के सत्यापन में हीला-हवाली की जा रही है।
इससे छात्र-छात्राओं को डाटा समय से निदेशालय में फॉरवार्ड करने में देरी होने की संभावना बनी हुई है, जिससे 12 मार्च 2024 के बाद फार्म फॉरवार्ड करने से छूटने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति से वंचित रहना पड़ सकता है। दशमोत्तर छात्रवृत्ति के अंतर्गत कक्षा 11, 12 व इससे उपर की कक्षाओं के छात्र-छात्राआें द्वारा आनलाइन आवेदन फार्म जमा कराए जा चुके हैं, जिसके बाद इनमें छात्रों द्वारा संशोधन की प्रक्रिया 15 फरवरी 2024 तक चलेगी।
इसके बाद फार्मों का सत्यापन कर डाटा एनआईसी के पास भेजना होगा, जिसके लिए कैटगरी के अनुसार अलग-अलग अंतिम तिथियां निर्धारित की गई हैं। ओबीसी, जनरल और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों का डाटा 12 मार्च 2024 तक एनआईसी को फारवार्ड किया जाना है, जहां से सत्यापन के बाद डाटा जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास भेजा जाएगा।
इन कैटेगरी के किन्हीं कारणोवश छूटे छात्रों को दोबारा आवेदन करने का मौका नहीं दिया जाएगा। इससे सबसे ज्यादा इसी कैटेगरी के छात्रों के डाटा सत्यापन में देरी की संभावना बनी है। वहीं एससी व एसटी वर्ग के छात्रों का डाटा भी 12 मार्च 2024 तक सत्यापन करके जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय पहुंचाना है, लेकिन इस वर्ग के छूटे छात्रों को द्वितीय चरण में दोबारा आनलाइन आवेदन करने का मौका मिलेगा। इससे एससी व एसटी वर्ग के छात्र द्वितीय चरण में 31 मार्च 2024 तक आवेदन जमा कर सकेंगे और छात्रवृत्ति के लिए इनका डाटा 14 जून तक निदेशालय के पास भेजा जाएगा।
प्री-मैट्रिक के 22772 छा़त्र-छात्राओं का डाटा एनआईसी से सत्यापितः प्री-मैट्रिक (कक्षा 9 व 10) के 22772 छात्र-छात्राओं का डाटा एनआईसी से 31 बिंदुओं पर सत्यापन के बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास पहुंच गया है, लेकिन आवेदन करने वाले छात्रसंख्या के मुकाबले सत्यापित छात्रों का डाटा हजारों में कम है। इन छात्रों का डाटा जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा वेरीफाई करके पांच मार्च 2024 तक अंतिम रूप से निदेशालय भेजा जाना है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि एससी के 8254, एसटी के 20, जनरल के 2164, ओबीसी के 9303 और अल्पसंख्यक के 3031 छात्र-छात्राआें को डाटा सत्यापित हो चुका है, जिसे जल्द ही वेरीफाई करके पांच मार्च 2024 तक निदेशालय भेजा जाएगा। इसके बाद छात्रों के खाते में सीधे निदेशालय से धनराशि भेजी जाएगी। शेष रह गए छात्र-छात्राओं का डाटा शीघ्र सत्यापित कर एनआईसी भेजने के निर्देश सभी कालेज के प्रधानाचार्यों को दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें - Lakhimpur Kheri News: पैंकीपुर में अराजक तत्वों ने खंडित की भगवान बुद्ध की प्रतिमा, गांव में पीएसी तैनात
