Bareilly News: भाजपा का बढ़ा कुनबा, 235 लोगों ने ली सदस्यता
विधानसभा मिलन समारोह में दूसरे दलों के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पार्षद व अन्य भाजपा में शामिल
बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। जोड़तोड़ की राजनीति भी शुरू हो गई है। सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में दूसरे दलों के कार्यकर्ता, पदाधिकारियों समेत करीब 235 लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया।
मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर विधानसभा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि भाजपा में सभी का सम्मान बराबर है। सबका साथ, सबका विकास पर पार्टी काम करती है। सभी लोग पूरी निष्ठा के साथ जुड़कर पार्टी को मजबूत करें। सांसद संतोष गंगवार ने पार्टी में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका पूरा सम्मान हाेगा और पार्टी को मजबूती मिलेगी। वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना भेदभाव सभी का कार्य होता है। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कई सपा नेता, कार्यकर्ता, पूर्व पार्षद, कुछ निर्दलीय पार्षद व समाजसेवी भाजपा में शामिल हुए। शहर विधानसभा क्षेत्र से 165 और कैंट क्षेत्र से 70 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने सभी लोगों को सदस्यता दिलवाई। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने पटका और माला पहनाकर स्वागत किया। सदस्यता अभियान के संयोजक उमेश कठेरिया, गुलशन आनंद, अनिल कुमार, डॉ. सीपीएस चौहान, प्रतेश पांडे, प्रभु दयाल लोधी, तृप्ति गुप्ता, रेखा श्रीवास्तव, विष्णु शर्मा, बंटी ठाकुर, देवेंद्र जोशी, सूर्यकांत मौर्य, योगेंद्र शर्मा, अनीस व अन्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन समेत 12 जगह बिजली चोरी पकड़ी, रिपोर्ट दर्ज
