Bareilly News: बरेली हाट में हस्तशिल्प उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार, अंतर्राष्ट्रीय पहुंच के होंगे प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रदेश के हस्तशिल्प कारोबार का हब बनेगा बरेली हाट

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक बरेली हाट बनकर तैयार हो गया है। गुजरात की तर्ज पर 4.5 हेक्टेयर जमीन पर 157 करोड़ में बने अर्बन हाट का मकसद जिले के पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मार्केट दिलाना है। यह प्रदेश का हस्तशिल्प का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरने के लिए तैयार है। बरेली हाट से पहले इस स्थान पर अर्बन हाट होता था लेकिन स्मार्ट सिटी के तहत बने प्रोजेक्ट के बाद इसे बरेली हाट के रूप में विकसित किया गया है।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लखनऊ और दिल्ली के बीच कला और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में बरेली हाट को बनाया गया है। बरेली हाट से स्थानीय कारीगरों को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही हस्त निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए बड़ा अंतरराष्ट्रीय केंद्र मिल जाएगा। विकास भवन के पड़ोस में बने बरेली हाट में जरी जरदोजी , बांस और बेंत के फर्नीचर सहित विश्व स्तर की प्रदर्शनी, गैलरी, सूचना एवं व्याख्यान सेंटर, स्टेट ऑन द आर्ट ऑडिटोरियम और चर्खी झूला भी बनाया गया है।

गुजरात की तर्ज पर बनाई डिजाइन
गुजरात की तर्ज पर तैयार बरेली हाट में प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की कला और संस्कृति का संगम देखा जा सकेगा। मार्च से पहले इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन हो सकता है। बरेली हाट के बनने के बाद रोजगार को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही कार्य कौशल बढ़ाने के लिए हैंडीक्राफ्ट लैब में ट्रेनिंग भी दी जाएगी। यहां एक छत के नीचे हस्तशिल्प के सभी उत्पाद मिल सकेंगे।

बरेली हाट प्रदेश के अहम प्रोजेक्ट में से एक है। इस प्रोजेक्ट से शहर की कला-संस्कूति को बढ़ावा दिया जा सकेगा और रोजगार के अवसर भी खुलेंगे। स्थानीय कारीगरों को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए बड़ा अंतर्राष्ट्रीय केंद्र मिल जाएगा-डा. उमेश गौतम, मेयर।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: डीपीआरओ 22 फरवरी को किया गया लखनऊ तलब, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार