Basant Panchami 2024: उन्नाव में बसंत पंचमी पर गायत्री शक्तिपीठ में सम्पन्न हुए संस्कार, दुर्गा मंदिर में हुआ खजाना वितरण
उन्नाव में बसंत पंचमी पर गायत्री शक्तिपीठ में सम्पन्न हुए संस्कार
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में बुधवार को नगर में बसंत पर्व धूमधाम से मनाया गया। गंगाघाट बालूघाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर हर वर्ष की भांति बसंत पंचमी पर्व पर नौ कुंडीय हवनपूजन के साथ विभिन्न संस्कार सम्पन्न हुये। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हवन पूजन कर वेदियों में आहूतियां डाली।
बता दें हिंदू धर्म के अनुसार बसंत पंचमी पर्व का बहुत महत्व होता है। इस पर्व पर लोग बिना मुहूर्त निकाले ही शुभ कार्य की शुरूआत कर देते हैं। बालूघाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर बसंत पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिर प्रागंण में सुबह से ही ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा विधि विधान से प्रारंभ की गयी।

इसके साथ ही कई मांगलिक संस्कार भी सम्पन्न कराये गये। मंदिर में आचार्यो द्वारा यज्ञोपवीत, दीक्षा संस्कार, विद्यारम्भ, अन्नप्रासन, विवाह व मुंडन संस्कार समेत तमाम कार्यक्रम दिनभर चलते रहे। सुबह से ही शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही। लोगों ने पंक्तिबद्ध होकर गायत्री देवी के अलावा सरस्वती जी की पूजा अर्चना की।
इस बात की जानकारी रामचंद्र गुप्ता ने दी। इसके अलावा नगर के हजारों की तादात भक्तों ने बसंत पर्व को लेकर राजमार्ग स्थित श्री दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की पूजा अर्चना करके अपने को कृतार्थ किया।
कई वर्षो से चली आ रही परम्परा के तहत मंदिर से खजाना वितरण का कार्यक्रम भी सम्पन्न किया गया। इस मौके पर आदित्य सिंह, सुशील सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, प्रदीप शुक्ला, विजय करन, चक्रपाणि मिश्रा, अमित गुप्ता, सुशील, बब्बू मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- Fatehpur Murder: नलकूप में सो रहे किसान की धारदार हथियार से हत्या… परिवार में मचा कोहराम
