सुलतानपुर: साइकिल सवार को बचाने में पेड़ से टकराई कार, एक की मौत, छह गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कूरेभार, सुलतानपुर। राम पथ गमन मार्ग पर वाहनों की बढ़ती संख्या व सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी इस मार्ग पर यात्रा करने वालों के लिए भारी पड़ रही है। जिसके चलते सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही है। बुधवार दोपहर कूरेभार थाना क्षेत्र अंतर्गत राम पथ गमन मार्ग पर पुरखीपुर गांव के समीप साइकिल सवार को बचाने के चक्कर मे सुलतानपुर से अयोध्या जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई।

घटना में साइकिल सवार राम मिलन दूबे निवासी इछुरी पुरखीपुर थाना कूरेभार सहित कार चालक सूरज निवासी रौहानी थाना हैदरगंज व कार में सवार एक ही परिवार के अखिलेश तिवारी, मां माधुबी तिवारी, पत्नी रुचि तिवारी, बहन दुर्गावती, 3 वर्षीय बेटा देवांश निवासी खजुरहट जनपद अयोध्या गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची डायल 112 व एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी कूरेभार लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों राजकीय मेडिकल कालेज सुलतानपुर रेफर कर दिया है। वहीं, साइकिल सवार राम मिलन दूबे (70) निवासी पुरखीपुर की इलाज के दौरान राजकीय मेडिकल कालेज में मृत्यु हो गयी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है। 

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: एक वैलेंटाइन ऐसा भी!, हाथों में नहीं मां के चरणों में फूल, बच्चों ने माथे पर ली माता के चरणों की धूल!

संबंधित समाचार