बदायूं: यूपी बोर्ड परीक्षा की एसटीएफ करेगी निगरानी, नकल करते पकड़े जाने पर भेजा जाएगा जेल, खुफिया तंत्र को सौंपी परीक्षा केंद्रों की सूची
बदायूं, अमृत विचार: यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर शासन काफी गंभीर रुख अपनाए हुए है। परीक्षा में पहली बार एसटीएफ निगरानी करेगी। परीक्षा में नकल करते हुए पकड़े जाने पर परीक्षार्थी को जेल जाना पड़ सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सभी केंद्रों की सूची खुफिया विभाग को सौंपी गई है। यूपी बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही हैं।
हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 64166 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा कराने के लिए जिले में 99 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। इनमें से 35 केंद्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी लगाए गए हैं। सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। साथ ही केंद्रों पर पुलिस भी तैनात रही। इन केंद्रों की निगरानी एसटीएफ करेगी। जिसकी सूची जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्थानीय एलआइयू को भी भेज दी गई है।
नकल की तो होगी सीधे जेल : शासन की ओर से प्रशासन को स्पष्ट आदेश दिए गए है कि हाई स्कूल इंटरमीडिएट की परीक्षा नकल विहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराई जाए। यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल पकड़ी गई तो परीक्षार्थी को जेल जाए। तथा जिम्मेदारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
नकल के लिए बदनाम रहे हैं कई केंद्र: जिले में कई ऐसे कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। जो पूर्व में नकल के लिए बदनाम रहे हैं। इनमें नगर पालिका इंटर कॉलेज, ककराला, गौरी शंकर इंटर कॉलेज बगरैन, रानी अवंतीबाई लश्करपुर ओईया सहित एक दर्जन से अधिक ऐसे कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जो नकल कराने के लिए बदनाम रहे हैं। इनके खिलाफ कई बार कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे कॉलेजों पर खास तौर पर खुफिया तंत्र की निगरानी रहेगी।
जिले में 99 परीक्षा केंद्रों की निगरानी एसटीएफ द्वारा की जाएगी। जिसकी सूची स्थानीय खुफिया विभाग को भेज दी गई हे। यूपी बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराई जाएगी। जिसके निर्देश केंद्र व्यवस्थापक और अन्य अधिकारियों को दिए जा चुके हैं।- डॉ. प्रवेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक
ये भी पढ़ें - Budaun News: दलित नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में फैसला, आरोपी को मिली दस साल की कैद
