हाथरस केस पर कांग्रेस ने कहा, सीबीआई जांच के नाम पर गुमराह कर रही योगी सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। हाथरस मामले पर राजनीति गरमाई हुई है। सरकार की ओर से लगातार मामले को निपटाने का प्रयास जारी है। लेकिन राजनीति अभी उबाल पर है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रदेश सरकार …

लखनऊ, अमृत विचार। हाथरस मामले पर राजनीति गरमाई हुई है। सरकार की ओर से लगातार मामले को निपटाने का प्रयास जारी है। लेकिन राजनीति अभी उबाल पर है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है।

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री योगी द्वारा गठित एसआईटी की जांच पर भरोसा न होने और सीबीआई की जांच सिर्फ देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप प्रदेश सरकार पर लगाया है। अजय कुमार लल्लू और आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के हाथरस के पीड़ित परिजनों से मुलाकात के दौरान उनकी जो मांग है कि घटना की न्यायिक जांच कराई जाए। कांग्रेस पूरी घटना की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग करती है।

आराधना मिश्रा ने कहा कि हाथरस की बेटी के साथ हुई दुःखद घटना और बेटी को न्याय दिलाने के लिए मीडिया की सकारात्मक भूमिका रही है। उन्होंने बेटी के साथ अत्याचार होने पर स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। जब उस बेटी के परिजन शव मांगने के लिए दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में प्रशासन से गुहार लगा रहे थे और पुलिस ने शव को रात्रि में 2.30 बजे जला दिया तथा पीड़िता के गांव में अघोषित कर्फ्यू लगा दिया। यहां तक कि मीडिया को भी नहीं जाने दिया गया।

लल्लू ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है जिस तरह यूपी महिला अपराधों में नंबर एक है उससे स्पष्ट है कि उप्र जंगलराज में बदल गया है। उन्होंने कहा कि आज महिला आयोग और राज्यपाल पूरे मामले में चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सरकार नहीं संभल रही है, उन्हें इस्तीफा देकर गोरखपुर चले जाना चाहिए। हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किया गया।

संबंधित समाचार