Kanpur News: भाजपा नेता व पूर्वमंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक का निधन; इलाज के दौरान हुई मौत...लंबे समय से थे बीमार...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूर्वमंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक का एसजीपीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया

कानपुर, अमृत विचार। लोकप्रिय नेता पूर्वमंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक का यहां एसजीपीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। वह काफी लंबे समय से अस्वस्थ थे। हंसमुख स्वभाव के परिचितों के सुख-दुख में हमेश साथ खड़े रहने वाले अमरजीत सिंह जनसेवक के नाम से विख्यात थे। उनकी अंत्येष्टि शुक्रवार को उनके पैतृक गांव आदमपुर बिंदकी (फतेहपुर) में पूर्वान्ह की जाएगी। 

भाजपा की राजनीति में संतोष शुक्ला (दिवंगत) लाए थे। उन्होंने बिंदकी विधानसभा क्षेत्र को अपना कार्यक्षेत्र बनाया और 1991 में भाजपा की टिकट पर वह बिंदकी से लड़े भी पर हार गए। कल्याण सिंह सरकार की बर्खास्तगी के बाद 1993 में सपा-बसपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था। जनसेवक फिर भाजपा की टिकट पर मैदान में आए और चुनाव जीत गए। इसके बाद का चुनाव हारे पर 2002 में वह फिर जीते और प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री बनाए गए। 

2007 में वह सपा की टिकट पर मैदान में आए पर बिंदकी की जनता ने उन्हें नकारा दिया। 2017 में लोकदल व फिर 2019 में भाजपा में शामिल हो गए। जनसेवक विकलांग श्रेणी में आते थे। उन्होंने छात्र संघ की राजनीति से कैरियर शुरू किया था। उनके मित्र रहे कर्मचारी नेता राजेश शुक्ला बताते हैं कि 1978 से 1990 तक उन्होंने कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय में कार्य किया। वह यूनियन में भी थे। 

हालांकि उनकी राजनीतिक पारी कांग्रेस से शुरू हुई थी। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशीला रोहतगी के विश्वासपात्र थे। बाद में कांग्रेस का ग्राफ गिरता रहा तो उन्हें संतोष शुक्ला ने भाजपा में शामिल कराया और टिकट के लिए पैरवी की थी। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद सत्यदेव पचौरी, उत्तर और दक्षिण जिलाध्यक्ष दीपू पांडे, शिवराम सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज सिंह, कांग्रेस के पूर्व विधायक भूधरनारायण मिश्रा, गणेश दीक्षित, नेकचंद्र पांडे ने भावभीनी श्रृद्धांजलि दी।

यह भी पढ़ें- Kanpur News: विटामिन डी व ब्रेन स्ट्रोक के बीच संबंध तलाशेंगे डॉक्टर्स; शोध के लिए एथिक्स कमेटी से मिली अनुमति...

 

संबंधित समाचार