प्रतापगढ़: काफिले में शामिल गाड़ियों के हूटर पर टिप्पणी, सांसद के सुरक्षाकर्मियों ने व्यापारी नेता को पीटा
प्रतापगढ़, अमृत विचार। वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे सांसद प्रतापगढ़ के काफिले की गाड़ी का हूटर मानधाता बाजार में बुधवार रात बजने पर वहां मौजूद लोगों ने टिप्पणी कर दी। इस पर सांसद के सुरक्षाकर्मियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि उन्हें पीटा गया। पुलिस ने व्यापार मण्डल अध्यक्ष का शांतिभंग में चालान कर दिया।
सांसद प्रतापगढ़ संगमलाल गुप्ता बुधवार रात एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। मानधाता बाजार में काफिले में शामिल वाहनों के हूटर बजने लगे। बाजार में मौजूद व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज केसरवानी उर्फ पिंटू ने हूटर बजाने को लेकर टिप्पणी कर दी। इसे लेकर काफिले में शामिल लोगों और वहां मौजूद व्यापार मंडल अध्यक्ष पिंटू व लोगों से कहासुनी होने लगी।
बात बढ़ने पर सांसद के सुरक्षाकर्मियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष को खींचकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसकी जानकारी होते ही रात में आक्रोशित व्यापारी एकजुट हुए। गुरुवार को मानधाता पुलिस ने व्यापारी नेता का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। वहीं सांसद ने आरोप को निराधार और बेबुनियाद बताया।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: स्वरोजगार की उम्मीदों पर बैंकों का अड़ंगा, लोन के 1153 आवेदन लंबित
