Lakhimpur Kheri News: दुधवा के झादी ताल में पहली बार दिखी दुर्लभ प्रवासी पक्षी मरेका फाल्कटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंगोलिया एवं साइबेरिया जैसे ठंडे देशों में पाई जाती है यह पक्षी प्रजातिए

पलिया कलां (खीरी), अमृत विचार। दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग की किशनपुर रेंज में गुरुवार को यूपी ग्रासलैंड प्रोजेक्ट पर कार्य करते हुए द हैविटेट्स ट्रस्ट की टीम को झादी ताल में पहली बार दुर्लभ प्रवासी पक्षी फाल्कैटेड डक (मरेका फाल्कटा) दिखाई दी।

दुधवा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रंगा राजू टी ने बताया कि हैविटेट ट्रस्ट टीम के कौशिक सरकार व हरिषा ए. एस. ने झादी ताल में जब अन्य प्रवासी पक्षियों के साथ मरेका फाल्कटा को देखा तो वह खुशी से उछल पड़े। क्योंकि मंगोलिया और साइबेरिया जैसे ठंडे देशों में प्रजनन करने वाली इस प्रजाति के पक्षी को दुधवा टाइगर रिजर्व में पहली बार देखा गया था। 

उन्होंने कहा कि इस दुर्लभ प्रवासी पक्षी का संरक्षण आवश्यक है। संरक्षण न किए जाने पर यह पक्षी यहां खतरे में पड़ सकती है। इसको वर्ल्ड लाइफ इंटरनेशनल द्वारा नियर थ्रिएटेंड श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि डीटीआर प्रभाग के किशनपुर रेंज के झादी ताल में इस प्रजाति के पक्षी को पाए जाने से यह स्पष्ट हो गया है की झादी ताल प्रवासी पक्षियों के लिए उपयुक्त एवं सुरक्षित वासस्थल है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से यह अपील भी की है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई विशेष प्रकार का पक्षी दिखाई दे तो उसकी सूचना वन विभाग को अवश्य दें।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: 35,063 बुजुर्ग पेंशन पाने से रह गए वंचित, दफ्तर के लगा रहे चक्कर  

संबंधित समाचार