बरेली: 58 फीसद अभ्यर्थियों ने छोड़ी यूपीएससी की परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रविवार को जिले के 41 केंद्रों पर आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने छोड़ दी। परीक्षा में केवल 41.99 फीसद अभ्यर्थी ही शामिल हुए, जबकि 58 फीसद अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा छोड़ दी। यूपीएससी प्रारंभिक की इस परीक्षा में कुल 18367 अभ्यर्थियों को शामिल …

बरेली, अमृत विचार। रविवार को जिले के 41 केंद्रों पर आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने छोड़ दी। परीक्षा में केवल 41.99 फीसद अभ्यर्थी ही शामिल हुए, जबकि 58 फीसद अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा छोड़ दी।

यूपीएससी प्रारंभिक की इस परीक्षा में कुल 18367 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। लेकिन इसमें केवल 7714 अभ्यर्थी ही शामिल हुए, जबकि 10653 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को दो पालियों में आयोजित कराया गया। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर 11:30 बजे तक चली। जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर 4:30 बजे तक चली। परीक्षा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

केंद्रों की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा शुरू होने से करीब डेढ़ घंटा पहले ही सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। उसके बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया, मगर इस बीच सोशल डिस्टेंसिंग देखने को नहीं मिली। थर्मल स्कैनिंग और सैनेटाइजेशन में भी लापरवाही बरती गई। परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि पहली पाली में हुई परीक्षा के आधार पर ही यूपीएससी में मेरिट बनेगी, जबकि दूसरी पाली में हुए पेपर को केवल क्वालीफाई करना था। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों का कहना था कि गणित और रीजनिंग के सवाल ज्यादा कठिन आए थे। निगेटिव मार्किंग की वजह से अधिकांश सवाल छूट गए।

परीक्षा दिलाने आए अभिभावकों को पीने के लिए पानी भी नहीं मिला
परीक्षा केंद्रों पर लापरवाही इस कदर थी कि अभ्यर्थियों से लेकर अभिभावकों तक किसी को पानी पीने तक की कोई व्यवस्था नहीं थी। बरेली कॉलेज में लगा नल भी खराब था। अभिभावक या अभ्यर्थी जो भी पानी पीने जाता वह वापस लौटकर आता। वहीं, तेज गर्मी के चलते अभिभावकों को धूप से बचने के लिए जगह ढूंढते नजर आ रहे थे। किसी तरह पेड़ की छांव में बैठकर उन्होंने समय काटा।

उत्तर रेलवे ने चलाई कुल छह जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
यूपीएससी परीक्षा के लिए चलाई गईं छह जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया था। यह ट्रेनें रविवार शाम के लिए अपने गंतव्य के लिए रवाना की गईं। इन ट्रेनों में से दो ट्रेनें बरेली जंक्शन से रवाना हुईं। दोनों ट्रेनों में कुल 62 अभ्यर्थियों ने ही यात्रा की। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों से रेलवे को अच्छा खासा घाटा झेलना पड़ रहा है। रविवार को पहली ट्रेन बरेली जंक्शन से लखनऊ के लिए शाम 7:00 बजे रवाना की गई। इसमें महज 37 अभ्यर्थियों ने ही यात्रा की। जबकि दूसरी ट्रेन शाम 7:30 बजे जंक्शन से देहरादून के लिए भेजी गई। इसमें कुल 25 अभ्यर्थियों ने ही यात्रा की।

बिना थर्मल स्कैनिंग के ही करा दिया प्रवेश
कोरोना संक्रमण के बीच रविवार को जिले के 41 केंद्रों पर संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया। इस दौरान ज्यादातर परीक्षा केंद्रों में कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। इससे कोरोना का खतरा और बढ़ गया है। परीक्षा केंद्रों पर बिना थर्मल स्कैनिंग के ही अभ्यर्थियों को प्रवेश करा दिया गया जबकि शासन से सख्त आदेश थे कि किसी भी कीमत पर कोरोना गाइडलाइन का उल्लघंन न किया जाए। सभी को थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू हुई। इससे करीब डेढ़ घंटा पहले ही केंद्रों में अभ्यर्थियों को प्रवेश देना शुरू कर दिया गया था। बरेली कॉलेज में जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया उनकी थर्मल स्कैनिंग ही नहीं हुई।

एसएसपी ने किया निरीक्षण, खुफिया विभाग की भी थी नजर
यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एसटीएफ के साथ एसएसपी की भी परीक्षा केंद्रों पर विशेष नजर रही। एसएसपी ने केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। रविवार को जिले में 41 केंद्रों पर यूपीएससी की परीक्षा कराई गई। परीक्षा में धांधली न हो या कोई मुन्ना भाई किसी और की परीक्षा न दे सके। इसलिए एसटीएफ तमाम मोबाइल नंबरों को लिसनिंग पर लेकर सुनती रही। साथ ही एसएसपी रोहित सिंह सजवाण खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था देखी। साथ ही केंद्रों पर लगे सीसीटीवी भी चेक किए।

अभ्यर्थी का मोबाइल, पर्स और नकदी चोरी, हंगामा
यूपीएससी परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी का मोबाइल, पर्स और दो हजार रुपये चोरी हो गए। जब वह परीक्षा देकर लौटा उसके होश उड़ गए। जब उसने केंद्र व्यवस्थापक से शिकायत की तो उन्होंनें कोई भी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। दातागंज के रहने वाले विनय कुमार का परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज बनाया गया था। विनय कुमार दातागंज के प्राथमिक विद्यालय केशवपुर कलां में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है। परीक्षा के लिए वह दातागंज से सुबह बरेली अपनी स्कूटी से पहुंचे। परीक्षा शुरू होने से पहले उन्होंने अपना सभी सामान स्कूटी की डिग्गी में रख दिया था।

संबंधित समाचार