बदायूं: महिला की हत्या करके शव जलाने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार: अतिरिक्त दहेज में बाइक न मिलने पर ससुरालीजनों ने महिला की हत्या करके शव को जला दिया। मृत महिला की मां ने यह आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मृत महिला के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

अलापुर थाना क्षेत्र के गांव करीमपुर निवासी रक्षा देवी पत्नी महेश पाल ने थाना कादरचौक पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी संतान नहीं थी तो उन्होंने अपनी भतीजी की पांच महीने की बेटी प्राची को गोद ले लिया था। उसका पालन पोषण किया। 5 जून 2023 को उसकी शादी कादरचौक क्षेत्र के गांव तेलिया नगला निवासी सुधीर पुत्र विद्वेष के साथ की थी।

शादी में लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए थे। ससुरालीजन दान दहेज से खुश नहीं थे। ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर वह प्राची को प्रताड़ित करने लगे। 9 फरवरी सुबह 8 बजे बेटी के ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर दी है और शव जलाने जा रहे हैं।

मायका पक्ष प्राची की ससुराल पहुंचा। तब तक ससुरालीजनों ने प्राची का शव जला दिया था। ससुरालीजन मौके से भाग गए थे। रक्षा देवी की तहरीर पर आरोपी सुधीर, उनके भाई रामखिलौना और पिता विद्वेष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, सबूत मिटाने और शारीरिक चोट से मौत के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- Budaun News: घर के बाहर आ रही थी दुर्गंध, तोड़ा दरवाजा तो उड़े होश...चारपाई पर पड़ा मिला प्लंबर का शव 

संबंधित समाचार