Bareilly News: बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रहे बच्चे को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
बरेली, अमृत विचार। थाना मीरगंज के गांव दियोरिया अब्दुल्लागंज में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रहे बच्चे को गांव में सरकारी स्कूल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली ने शनिवार की सुबह जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक बच्चे के फूफा प्रभु दयाल ने थाने में तहरीर दी है। प्रभु दयाल ने बताया कि उसके साले राकेश कुमार ग्राम लालपुर थाना शाही का पुत्र सरनजीत उम्र करीब 10 वर्ष मीरगंज के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था और अपनी बुआ के घर रहता था। शनिवार को सुबह वह स्कूल जाने के लिए तैयार होकर घर से निकला।
गांव के ही सरकारी स्कूल के पास राम औतार निवासी ग्राम बड़ागांव थाना सिरौली ट्रैक्टर ट्रॉली को तेज व लापरवाही से चला रहा था। उसके साले के लड़के सरनजीत को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे सरनजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरोपी रामौतार मौके से ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को एंबुलेंस से पीएम हेतु बरेली भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: दवा लेने गए शख्स का नदी में उतराता मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
