UP: बंदियों के परिजनों को जानकारी देने को लगेगा डिस्पले बोर्ड, पुलिस महानिदेशक कारागार प्रशासन ने माती जेल का किया निरीक्षण
पुलिस महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं ने कानपुर देहात स्थित माती जेल का निरीक्षण किया
कानपुर देहात, अमृत विचार। पुलिस महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं ने माती जिला जेल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची। उन्होंने निरुद्ध बंदियों से जानकारी ली और महिला बंदियों के साथ निरुद्ध दस बच्चों को फल व उपहार भेंट किए।
शनिवार को पुलिस महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं एसएन साबत ने गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद माती जिला जेल के बाहर बंदियों के परिजनों से मुलाकात के लिए प्रतीक्षालय भवन की साफ-सफाई, पंखों एवं शौचालय आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षालय भवन के बाहर मुलाकात से संबंधित अद्यतन स्थिति की बंदियों के परिजनों को जानकारी देने के लिए डिस्पले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

इसके बाद महानिदेशक ने कंट्रोल रूम व बंदियों से संबंधित डाटा फीडिंग के लिए ई-प्रिजन का निरीक्षण किया। उसके बाद महिला बंदियों के रहन-सहन व साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने महिला बंदियों द्वारा कौशल विकास मिशन अंतर्गत निर्मित किए गए एयर बैग, ब्लैंकेट कवर, सेविंग किट बैग व कैरी बैग की सराहना की।
महानिदेशक ने उक्त सामान कारागार के बाहर मेला, प्रदर्शनी व स्थानीय बाजार में बिक्री किए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद पाकशाला में भोजन, सफाई व्यवस्था को जांचकर सराहना की। उन्होंने पाकशाला के अहाते में छाया के लिए टीनशेड लगाने को कहा। किशोर बैरक का निरीक्षण कर किशोर बंदियों को कौशल विकास व शिक्षित करने के निर्देश दिए। महानिदेशक ने अन्य बैरकों का निरीक्षण कर निरुद्ध बंदियों से जानकारी ली।
साथ ही मुकदमों से संबंधित बंदियों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं की सूची बनाकर न्यायालयों को भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम आलोक सिंह, एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, कारागार अधीक्षक धीरज कुमार, प्रभारी जेलर विजय लक्ष्मी, उप जेलर राजेश कुमार, रामदास यादव, इजहार अहमद, कारागार चिकित्सक डॉ. कुलदीप कुमार तोमर उपस्थित रहे।
