UP police exam : बिहार का सॉल्वर बहराइच से गिरफ्तार, इस छोटी सी गलती ने पहुंचाया जेल
बहराइच, अमृत विचार। सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन जिले के सिटी मोंटेसरी परीक्षा केंद्र पर द्वितीय पाली में परीक्षा दे रहे एक सॉल्वर को पकड़ा गया। बिहार के मधुबनी निवासी मुन्ना भाई देवरिया जिले के एक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आधार प्रमाणीकरण न होने पर पुलिस ने उसके अभिलेख की गहन जांच पड़ताल की तो मुन्ना भाई की करतूत की पोल खुल गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि देवरिया जिले के गौरव कुमार ने सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था। आवेदन में सभी अभिलेख उसी के लगे है, लेकिन उसके स्थान पर बिहार का मधुबनी निवासी अजय कुमार द्वितीय पाली में सिटी मोंटेसरी केंद्र पर परीक्षा देता पकड़ा गया। आधार ऑथेंटिफिकेशन न होने पर इसका खुलासा हुआ। एसपी ने बताया कि सभी अभिलेखों की जांच की जा रही है। देवरिया और मधुबनी के एसपी से संपर्क कर जांच कराई जा रही है। पकड़े गए मुन्ना भाई अजय कुमार को हिरासत में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें -Allahabad high court : पतियों के खिलाफ प्राथमिकी वैवाहिक संबंध में जहर घोलने के समान
