बदायूं: शिकायतों  के निस्तारण में अब नहीं होगी मनमानी, विभागों की 50 अंकों पर तय ग्रेडिंग व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार: विकास कार्यों और आमजन की शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारी किसी प्रकार की मनमानी नहीं कर सकेंगे। उन्हें शिकायतों का निस्तारण करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। शासन की ओर से सीएम डैशबोर्ड पर अब 10 अंकों के स्थान पर 50 अंकों पर ग्रेडिंग की व्यवस्था कर दी है। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रेडिंग में पांच गुना अंक की वृद्धि किए जाने से विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को  मनमानी रिपोर्ट तैयार करने से पूर्व मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लेना पड़ेगा। 

सीएम डैशबोर्ड पर अभी तक विभागों की रैंक 10 अंक पर तय की जा रही थी अब शासन ने इसमें बदलाव कर दिया है। ग्रेडिंग में पांच गुना की वृद्धि कर दी है। अब 50 अंकों पर होने वाली ग्रेडिंग में स्थान पाने के लिए अधिकारियों को कड़ी मेहनत करनी होगी।

डीएम मनोज कुमार  ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों, समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से कहा गया है कि वह स्वयं रुचि लेकर काम कराएं। 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के कार्यक्रमों और शिकायत निस्तारण में कई विभागों की प्रगति मानक के अनुरूप नहीं है। इससे जनपद की रैंकिंग भी प्रभावित हुई है। अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि सीएम डैशबोर्ड पर योजनाओं का स्वयं अनुश्रवण करें। प्रगति की सभी जानकारी समय से फीड भी कराएंगे। इधर आदेश आने के बाद शिकायतों के निस्तारण में विभागों के अधिकारी सतर्कता बरत रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Budaun news: खुशखबरी...अब बाधा नहीं बनेगी क्रॉसिंग, बिना रुके आवागमन दुरुस्त करेंगे पांच अंडरपास

संबंधित समाचार