Chitrakoot: सीआईसी विस्फोट के दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी...बड़ी कार्रवाई न होने से चर्चाओं का बाजार गर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में सीआईसी विस्फोट के दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी

चित्रकूट, अमृत विचार। सीआईसी विस्फोट मामले में पूर्व में नामजद दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। पुलिस के अनुसार, इनको घटना के संबंध में विवेचना, पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। हालांकि इस दुखद और बड़े मामले में अभी तक किसी अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय न होने और प्रभावी कार्रवाई न होने से जहां मृतक मासूमों के परिजनों में मायूसी है, वहीं तरह-तरह की चर्चाओं को बल मिल रहा है।

14 फरवरी को जिला मुख्यालय स्थित चित्रकूट इंटर कालेज में तब बड़ा हादसा हुआ था, जब बुंदेलखंड गौरव महोत्सव के दूसरे दिन परिसर में लगे आतिशबाजी पैनल में हुए विस्फोट में चार मासूमों की जान चली गई थी। इस वीभत्स हादसे ने हर किसी को दहलाकर रख दिया था। 

जिस तरह से शासन स्तर पर आननफानन में एडीजी की अध्यक्षता में जांच समिति बनाने के आदेश हुए थे और उसी रात एडीजी प्रयागराज जोन भानु भास्कर ने आकर घटनास्थल का दौरा किया था, उससे लगता था कि सरकार इस मुद्दे पर किसी को बख्शने नहीं वाली। पर हादसे के लगभग एक हफ्ते होने के बाद भी किसी अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय नहीं किए जाने से अब परिजनों का धैर्य जवाब दे रहा है। 

इनका कहना है कि लगता है कि उनके बच्चों को न्याय नहीं मिलेगा और मामले को ऐसे ही निपटा दिया जाएगा। घटना वाले दिन आतिशबाजी का ठेका लेने वाली कंपनी के संचालक व व्यवस्थापक पंकज जाट व हर्ष कामदार मुंबई के अलावा लगभग 15 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

इन पर धारा 286 (विस्फोटक पदार्थ से उपेक्षापूर्ण आचरण,  336 (दूसरों के जीवन को खतरे में डालना, 338 (व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा, चोट पहुंचाना), 304 (गैर इरादतन हत्या) आईपीसी व विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। 

अब पुलिस ने इन नामजद आरोपियों हर्ष कामदार पुत्र नीलेश कामदार निवासी प्रेम स्मृति रोड राजावड़ी गार्डन थाना तिलक नगर ईस्ट मुंबई व पंकज जाट पुत्र रमेश जाट निवासी  चौहरी पार्क मूसागढ़ी थाना आजाद नगर इंदौर मप्र की बाकायदा गिरफ्तारी की है। 

बताया गया कि इनको विवेचना, पूछतांछ एवं साक्ष्यों के क्रम में गिरफ्तार किया गया। हालांकि मृतकों के परिजनों को अभी भी आस है कि इस बड़े हादसे पर गाज कई जिम्मेदार अधिकारियों पर भी गिरेगी। कई जनप्रतिनिधियों और सत्ता-विपक्ष के बड़े नेताओं की इस दुखद मामले में चुप्पी भी लोगों को अखरी है।

यहां यह बताना समीचीन होगा कि पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता भैरों प्रसाद मिश्र, सदर विधायक और सपा नेता अनिल प्रधान, पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद आदि कई नेता इस संबंध में खुलकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं और मांग कर चुके हैं कि घटना के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई हो। इन लोगों ने जिला पर्यटन अधिकारी पर खासतौर पर घटना को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। चर्चाओं के दौर में एक चर्चा यह भी है कि कार्रवाई की गाज गिरेगी जरूर, देर सबेर।

ये भी पढ़ें- UP Police Exam Leak: पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद छात्र कर रहे विरोध प्रदर्शन… पेपर लीक को बना रहे मुद्दा

संबंधित समाचार