फिरोजाबाद: महिला को बंधक बनाकर पति दे रहा था यातनाएं, पुलिस ने कराया मुक्त 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फिरोजाबाद, अमृत विचार। उड़ीसा से शादी कर लाई गई महिला को युवक ने कमरे में बंधक बनाकर कई दिनों तक यातनाएं दीं, किसी तरह इसकी भनक थाना शिकोहाबाद पुलिस को मिली तो पुलिस ने मंगलवार को महिला को मुक्त कराया। पुलिस ने मरणासन्न हालत में महिला का अस्पताल में मेडिकल कराया है।

राधा (25) पत्नी विष्णु निवासी मैनपुरी रोड गार्डेनिया इंटर कॉलेज के सामने आठ साल पूर्व उड़ीसा से शादी कर लाया था। विगत चार दिन से विष्णु उसे कमरे में बंद करके यातनाएं दे रहा था। जब इसकी जानकारी महिला की जिठानी को हुई, तो उसने थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की जानकारी मिलते ही पति और सास व ससुर महिला को कमरे में बंद कर भाग गये। 

पुलिस ने महिला की सूचना पर मौके पर पहुंच कर महिला को कमरे से मुक्त कराया। महिला की जिठानी शिमला ने बताया कि उसका देवर शराब पीने का आदी है। रात में शराब पीकर आता है और फिर उसकी देवरानी पर अत्याचार करता है। राधा पर एक पांच साल की बेटी अमृता, चार साल का भानु और तीन साल की रौनक है। इससे पहले यह ग्वालियर में रहता था। तीन साल से यहां आया है। 

जब से शिकोहाबाद आया है, तभी से उसके साथ अत्याचार कर रहा है। महिला के पूरे शरीर पर चोटों के निशान हैं। पीड़िता ने बताया कि विगत एक माह से उसके साथ मारपीट कर रहा है, इतना ही नहीं खाने को भी नहीं देता है। इससे महिला मरणासन्न हालत में पहुंच गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। महिला को घर से निकाल कर उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: विद्युत विभाग के हटाए गए संविदा कर्मचारी लिए जाएंगे वापस, शासन स्तर पर चल रही वार्ता

संबंधित समाचार