यूपी में 63 पर INDIA, 17 सीटों पर मैदान में उतरेंगे कांग्रेस के उम्मीदवार, गठबंधन का रास्ता हुआ साफ, देखें video

यूपी में 63 पर INDIA, 17 सीटों पर मैदान में उतरेंगे कांग्रेस के उम्मीदवार, गठबंधन का रास्ता हुआ साफ, देखें video

लखनऊ। यूपी में INDIA गठबंधन की टूटती डोर बुधवार को मजबूत हो गई। तमाम जद्दोजहद के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन का रास्ता साफ हो गया। इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने बताया कि 63 सीटों पर सपा व INDIA गठबंधन के अन्य दलों और 17 पर कांग्रेस के प्रत्याशी लड़ाने पर दोनों दलों में सहमति बन चुकी है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इंडिया गठबंधन के तहत लोकतंत्र को बचाने के लिए, यूपी की समाजवादी पार्टी और कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेगी। इसी को लेकर एक कमेटी स्थापित की गई है और चर्चा हुई है कि लोकतांत्रिक पार्टी साथ मिलकर देश को बचाएं।

सभी ने संयुक्त रूप से बताया कि आज यह निर्णय लिया गया है उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी की 63 सीटें, इस पर इंडिया गठबंधन का कोई भी उम्मीदवार हो उनका हम सब मिलकर साथ देंगे और भारतीय जनता पार्टी को इस लोकसभा चुनाव में शिकस्त देंगे। 

गठबंधन को लेकर खुशी का माहौल 

समाजवादी पार्टी के नेता राजेंद्र चौधरी ने इस दौरान कहा कि हमें भारत को बचाना है उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटें हैं आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सत्ता से बाहर जाएगी। भारतीय जनता पार्टी को सरकार से बाहर करना है। इस उद्देश्य से हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। देश में किस नौजवानों के हालात बहुत खराब है। इस दौरान राजेंद्र चौधरी ने देश को बचाने के लिए सभी जनता से निष्पक्ष और ईमानदारी से वोट देने की अपील भी की।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि गठबंधन के स्वरूप को हमने तैयार किया है। गठबंधन को लेकर पूरे देश में खुशी का माहौल है। देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को यदि कोई पार्टी कमजोर करेगी तो देश की जनता उसे सबक सिखाएगी। नरेश उत्तम का इशारे भारतीय जनता पार्टी की तरफ था। आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। यह गठबंधन भ्रष्टाचार और बढ़ती हुई बेरोजगारी के खिलाफ है।

दूरगामी लक्ष्य को साधने को हुआ गठबंधन

वहीं कांग्रेस नेता अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा मुखिया अखिलेश यादव का वो आभार व्यक्त करते हैं। दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को मद्देनजर रखते हुए और दूरगामी लक्ष्य को सामने रखकर इस गठबंधन को मान्यता दी। 

आपसी समन्वय और चर्चा से निर्णय लिया गया है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और इस गठबंधन के तहत अन्य 63 सीटों पर इंडिया गठबंधन के जो भी उम्मीदवार सपा और अन्य दलों के होंगे वो चुनाव लड़ेंगे और भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देंगे।

आपको बता दें कि सपा ने वाराणसी से अपने उम्मीदवार को उतार दिया था जिसे कांग्रेस को यह सीट मिलने पर अब सपा यहां से अपने उम्मीदवार का नाम वापस ले लेगी। 

वाराणसी से एक बार फिर से अजय राय के उम्मीदवार बनने की संभावना है। गौरतलब है कि कांग्रेस से सपा के गठबंधन के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से विशेष रूप से बात की थी। 

जानिए कांग्रेस को कौन सी मिलीं 17 सीटें

रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयाग, महराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया। बदले में कांग्रेस मध्य प्रदेश की खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ेगी। 

यह भी पढे़ं: सुलतानपुर: किशोरी के अपहरण और दुराचार के दोषी पर कोर्ट हुआ सख्त, सुनाई 10 साल कैद की सजा