शाहजहांपुर: रुपए लेते फार्मासिस्ट का वीडियो वायरल, दो पर गिरी गाज... जांच के आदेश
DEMO IMAGE
पुवायां, अमृत विचार: सोशल मीडिया पर चीफ फार्मासिस्ट का पैसे लेते वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ ने पुवायां सीएचसी से दो फार्मासिस्ट को हटा दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी आदेश दिया है। साथ ही पुवायां अस्पताल से कुछ अन्य डॉक्टरों को भी हटाने के संकेत दिए हैं।
पुवायां सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट बीआर आजाद का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें वह एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए दिखाई दिए। बताया गया कि चीफ फार्मासिस्ट वीडियो में किसी से इंजेक्शन लगाने के नाम पर पैसा ले रहे थे। इसी बीच किसी ने वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो एक यूट्यूब चैनल के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो गया।
वायरल वीडियो धीरे-धीरे सीएमओ डॉ. आरके गौतम के पास पहुंच गया। सीएमओ ने वीडिया का संज्ञान लेते हुए पुवायां सीएचसी पर तैनात चीफ फार्मासिस्ट और फार्मासिस्ट का तबादला दूसरे अस्पताल में कर दिया। सीएमओ ने बताया कि बीआर आजाद को बंडा अस्पताल में नई तैनाती दी गई है। जबकि फार्मासिस्ट सच्चिदानंद का तबादला निगोही अस्पताल में किया गया है।
उधर, चीफ फार्मासिस्ट बीआर आजाद ने बताया कि वीडियो काफी पुराना है। वायरल वीडियो में वह नहीं हैं। वीडियो में दिख रहे पैसे चाय के बचे हुए हो सकते हैं। किसी ने चाय मंगवाई होगी और वीडियो में दिख रहा व्यक्ति चाय के बचे हुए पैसे वापस कर रहा होगा। उन्होंने बताया कि सीएचसी के कर्मचारियों में गुटबाजी हो रही है।
16 फरवरी को फार्मासिस्ट सच्चिदानंद बिना मरीज के ही एंबुलेंस में बैठकर शाहजहांपुर गए थे। मौके पर मौजूद एक डॉक्टर की ओर से मना करने पर सच्चिदानंद ने डॉक्टर से अपशब्द कहे थे। उन्होंने फार्मासिस्ट सच्चिदानंद पर कई आरोप लगाए। उन्होंने एक डॉक्टर पर भी आरोप लगाया कि वह ड्यूटी पर हमेशा शराब पीकर आते हैं। एक बार तो इस डॉक्टर को काफी उल्टी हुई थी और एंबुलेंस से भेजा गया था।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
