शाहजहांपुर: छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिलहर, अमृत विचार: संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की गोली लगने से मौत हो गई। सीओ प्रयांक जैन व कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस गोली लगने के कारणों की तलाश में जुटी है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचे परिजनों से पूछताछ की।

कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव खिरिया उदैत में किशोरी की मौत की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया और सीओ प्रयांक जैन व कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी लेकर जांच पड़ताल की। किशोरी के पिता राजेश कुमार जाटव ने बताया कि वह मंगलवार को गांव की ही एक लड़की के तिलक लेकर मोहम्मदी गए हुए थे। 

घर पर उनकी पत्नी रेखा देवी और 14 वर्षीय नाबालिक पुत्री विनती भारती थी। युवती की मां रेखा देवी ने बताया कि विनती कक्षा 10 की छात्रा है और वह तिलहर के एलबीजेपी इंटर कॉलेज में पढ़ती है। देर शाम विनीता अपने कमरे में पढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। वह दौड़ते हुई कमरे में गईं तो देखा बेटी लहूलुहान पड़ी है। 

रेखा का कहना था कि कोई व्यक्ति आया और उसने उसकी पुत्री को गोली मार दी। पुलिस ने किशोरी की मां के बताए अनुसार जांच पड़ताल की तो मामला संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने किशोरी की मां रेखा देवी से कड़ाई से पूछताछ की तो मामला आत्महत्या का निकला। 

कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह ने रेखा की निशानदेही पर तमंचा बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने बताया कि किशोरी के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने स्वयं आत्महत्या करने की बात लिखी है। सुसाइड नोट की लिखावट की फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जाएगी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा मृतका के चाचा शेर सिंह से बरामद कर लिया है। 

प्रथम दृष्ट्यता मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के पिता राजेश ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि वह अपने पुत्र अभिषेक, गुरु वचन और पुत्री पावनी के साथ हरियाणा के जनपद सोनीपत के गांव फरमाना के पास स्थित एक ईंट भट्टे पर ईंट पथाई का काम करता है। दो फरवरी को ही वह घर वापस आया था।

यह भी पढ़ें- Shahjahanpur News: किशोरी ने साड़ी का फंदा बनाकर लगाई फांसी, परिजनों ने युवक पर दुष्कर्म का लगाया आरोप

संबंधित समाचार