शाहजहापुर: बारातियों के हमलावरों के घर पुलिस ने दी दबिश, सभी आरोपी फरार
तिलहर, अमृत विचार: बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने और बारात का सामान तोड़ देने के मामले में दुल्हन के पिता की ओर से कोतवाली पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ प्रयांक जैन और कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घर दबिश दी लेकिन कोई भी आरोपी घर पर नहीं मिला, सभी आरोपी फरार हैं। गांव में पुलिस तैनात है।
बरूआर गांव के प्यारेलाल ने बताया कि 19 फरवरी को उनकी बेटी लीलावती की बारात निगोही के डींग गांव से आई थी। बारात में लगे डीजे पर बाराती और उनके रिश्तेदार डांस कर रहे थे। डीजे पर डांस करने को लेकर गांव के ही जोगराज यादव के पुत्र नेमपाल यादव, करन यादव, नन्हे लाल यादव, वेदपाल यादव एवं अजीत यादव और रूत्तिम यादव के पुत्र राम भरोसे यादव, रामसेवक यादव एवं सत्यपाल यादव से मामूली कहासुनी हो गई थी।
प्यारेलाल ने बताया कि रात करीब 1 बजे बाराती खाना खाकर लेटे हुए थे। इसी दौरान उपरोक्त आरोपी एक राय होकर अवैध हथियार एवं लाइसेंसी राइफल और लाठी डंडा लेकर बारातियों पर हमला कर दिया और बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे बारातियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी बाराती जान बचाकर खेतों की तरफ भागने लगे। भागने के दौरान आवारा पशुओं से बचने को लगाए गए कंटीले तारों से भी बाराती घायल हो गए।
आरोपियों द्वारा पीटने से दूल्हा कुलदीप, उसका भाई सुरेश मौर्य, दूल्हा के बहनोई के सिर में गंभीर चोटें आईं, जो लहुलूहान हो गए। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्यारेलाल ने बताया कि बारातियों ने आरोपियों से बचने के लिए भाग कर अपनी जान बचाई।
इस दौरान आरोपियों ने बारातियों की गाड़ियां भी तोड़ दी। हमले के कारण बाराती डर की वजह से भाग गए जिस कारण उसकी पुत्री की शादी नहीं हो सकी। मुकदमा लिखने के बाद बुधवार को सीओ प्रयांक जैन व कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह ने भारी पुलिस टीम के साथ गांव में छापा मारा लेकिन आरोपी नहीं मिले। गांव में पुलिस तैनात है।
दुल्हन ने लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद से दुल्हन लीलावती का हाल खराब है, वह सदमे से उबर नहीं पा रही है। बुधवार को वह मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कोतवाल सुरेंद्रपाल सिंह से न्याय की गुहार लगाने पहुंची। उसका कहना था कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि हमलावरों ने उसका घर बसने से पहले ही घर उजाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी, उसकी अब कैसे शादी होगी, कौन शादी करेगा। इस पर कोतवाल ने कहा कि दुल्हे के परिवार की स्थित सामान्य होने पर शादी करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: रुपए लेते फार्मासिस्ट का वीडियो वायरल, दो पर गिरी गाज... जांच के आदेश
