बाराबंकी: इस बार ऑनलाइन भी किया जा सकेगा लोकसभा चुनाव में नामांकन, ये है तरीका  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

4 घंटे तक ऑनलाइन चली चुनाव आयोग की क्लास, नामांकन से मतगणना तक का पढ़ाया पाठ

बाराबंकी, अमृत विचार। 2024 के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार ऑनलाइन नामांकन भी कर सकेंगे। उनके द्वारा दाखिल किया गया शपथ पत्र व अन्य विवरण आम जनता भी देख सकेगी। सीज किए गए रुपए का विवरण भी आम जनता के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट पर कारण सहित उपलब्ध रहेगा। यह प्रयोग लोकसभा चुनाव में पहली बार होने जा रहा है।
 
चुनाव आयोग के इस ऑनलाइन दिए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के 15 अधिकारी सम्मिलित हुए। बताया गया कि नामांकन प्रपत्र ऑनलाइन भरा जा सकता है। यह सुविधा अंतिम तिथि के 24 घंटे पहले तक उपलब्ध रहेगी। अंतिम दिन केवल सीधे प्रस्तुत होकर ही नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। आनलाइन नामांकन दाखिल करते ही निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी यह दिखने लगेगा। ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने के बाद निर्वाचन अधिकारी संबंधित उम्मीदवार को प्रस्तुत होने का समय देंगे। इसके बाद वह अपने प्रस्तावक, समर्थक और अपने दस्तावेज मिलान का मिलान करा सकेगा। प्रत्याशी ऑनलाइन फीस भी जमा कर सकेंगे।

अधिकारियों को बताया गया कि चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले खर्च का प्रबंधन कैसे करना है। प्रत्याशियों के चुनाव प्रबंधन पर किस तरह नजर रखनी है। प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों की माने तो इस बार आयोग नगद रकम लेकर चलने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाने जा रहा है। वे सभी लोग नगद रकम लेकर चल सकेंगे जिनके पास इस रकम का दस्तावेजी सबूत हो। बैंक से निकाली गई रकम बैंक की रसीद के साथ लोग ले जा सकेंगे। प्रत्याशियों का पूरा ब्योरा नामांकन दर्ज करने के साथ ही आम जनता के लिए ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगा। मतदान के दौरान इस बार मतदान का प्रतिशत जानने के लिए 2 घंटे तक प्रतीक्षा नहीं करनी होगी। बल्कि मतदान का पल-पल का ब्यौरा स्वत: अपडेट होता रहेगा। किस बूथ पर किसी कर्मचारी अथवा अधिकारी के तैनाती है। इसका ब्योरा भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
 
प्रशिक्षण में शामिल अतिरिक्त मजिस्ट्रेट चंद्रकांत त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव आयोग इस बार पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बना रहा है। न केवल उम्मीदवार और राजनीतिक दल बल्कि आम जनता भी जब चाहेगी आयोग की वेबसाइट से संबंधित क्षेत्र का पूरा ब्योरा, प्रत्याशियों की डिटेल, और चुनाव आयोग की व्यवस्था का अवलोकन कर सकेगा।

ये भी पढ़ें -कड़ी सुरक्षा के बीच बोर्ड परीक्षा शुरू, अयोध्या में रोली-टीका लगाकर हुआ परीक्षार्थियों का स्वागत

संबंधित समाचार