Bareilly News: 2010 दंगा केस में इंस्पेक्टर समेत 11 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

Bareilly News: 2010 दंगा केस में इंस्पेक्टर समेत 11 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

बरेली, अमृत विचार। शहर में 2010 में होली के दौरान हुए दंगे और कोहाड़ापीर पुलिस चौकी फूंकने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम के जज रवि कुमार दिवाकर ने गवाही के लिए हाजिर न होने पर एक इंस्पेक्टर और 10 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इन सभी को 26 फरवरी तक गिरफ्तार कर कोर्ट में हाजिर करने का आदेश दिया गया है।

शहर में दो मार्च 2010 को जुलूस- ए-मोहमदी के दौरान दंगा भड़क गया था। इसके बाद दंगाइयों ने तमाम दुकानों में आगजनी करने के साथ कोहाड़ापीर पुलिस चौकी को भी फूंक दिया था। बलवे में आंवला के तत्कालीन सीओ पीएस पांडेय, थानाध्यक्ष भमोरा राजेश तिवारी, सिपाही राहुल और ब्रजेश समेत काफी संख्या में लोग गंभीर रूप घायल हुए थे। फिलहाल अदालत में इस मामले में 30 आरोपियों के खिलाफ ट्रायल चल रहा है। कुल 13 गवाहों में से 12 की गवाही भी हो चुकी है। सिर्फ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव की गवाही बाकी रह गई है जो दंगे के दौरान शहर में तैनात थे।

कई समन के बाद भी गवाही के लिए हाजिर न होने पर अदालत ने बुधवार को सुभाष चंद्र यादव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। इसके अलावा लगातार गैरहाजिर रहने पर 10 आरोपियों के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं। इनमें फाजिल रजा, शाहरुख, बाबू खां, ईशान, आरिफ, अमजद, निसार अहमद, अबरार, नाजिम, इमरान और कौसर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक को जमानत मिल गई है।

दंगा: तौकीर रजा थे मुख्य आरोपी बाद में निकाल दिया गया नाम
शहर में 2010 के दंगे के केस में पुलिस ने आईएमसी प्रमुख तौकीर रजा खां को मुख्य आरोपी बनाते हुए करीब तीन सौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें तौकीर रजा को जेल भी भेजा गया था। लेकिन बाद पुलिस ने अदालत में 169 की रिपोर्ट दाखिल कर तौकीर समेत तमाम आरोपियों का नाम केस से बाहर करा दिया। अब तौकीर रजा दंगे के आरोपी नहीं रह गए हैं। फिलहाल सिर्फ 30 लोगों के खिलाफ ट्रायल चल रहा है। इनमें 10 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। 

बाकी लोगों में शहजादे, यासीन, शानू, अनवर अली, आदिल, इमरान, रिजवान, दानिश, हसीन रजा, राजू, हसन, शोबी रजा, नईम, शानू, शन्नू खां, फैजी, सरवर खा, रिजवान, अनवर, राशिद, शमीम खां, इमरान खां, कामरान, आदिल, वसीम, रफ़त अली, शबाब हैदर, सलीम, अलीम, इमरान, शाहीन, इफ्तेखार फरहूद शामिल हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं से की मुलाकात, बोले- एकजुट होकर सभी प्रत्याशी को जिताएं