रामपुर : नैनीताल हाईवे पर बाइक की टक्कर से बालिका की मौत
मुनीशा का फाइल फोटो
भोट, (रामुर), अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर बुधवार की देर शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से नौ वर्ष की बालिका घायल हो गई। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात को उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
भोट कस्बा निवासी सलीम कस्बे में ही लोहार का काम करता है। परिजनों के अनुसार सलीम की पुत्री मुनीशा नौ वर्ष बुधवार शाम सात बजे अपने छोटे भाई के साथ ही कस्बा स्थित दादा मियां की दरगाह की ओर जा रही थी। इसी दौरान भोट ईदगाह के सामने हाईवे पार करते समय रामपुर की ओर आ रही एक बाइक सवार ने बालिका को टक्कर मार दी। घटना में वह दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार बाइक को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर तमाम ग्रामीण व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल को रूद्रपुर स्थित निजी चिकित्सालय में ले गए। रात करीब दस बजे गंभीर रूप से घायल बालिका ने दम तोड़ दिया।
परिजन रात में ही शव को घर ले आये व थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। मासूम का शव घर पहुंचते ही उसके घर में कोहराम मच गया। तमाम रिश्तेदार व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ रात में ही मौके पर पहुंच गई। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम को जिला चिकित्सालय भिजवाया। मौके से बरामद बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया। परिजनों के मुताबिक मृतका चार बहन और एक भाई में चौथे नंबर पर थी। वह मिलक याकूब गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती थी।
हादसे में बच्ची की मौत के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया गया है। तहरीर आने पर रिपेार्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- निशा खटाना, थानाध्यक्ष
नेशनल हाईवे पर निजी बस ने महिला को मारी टक्कर, मौत
गुरुवार सुबह करीब दस बजे नेशनल हाईवे पर एक निजी बस ने सड़क पर चलती हुई महिला को टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृत महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है। हाईवे के किनारे बसे ग्राम उदयराज की मढै़या के पास सड़क पार करते समय निजी बस ने महिला को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला को टक्कर मारकर बस चालक बस लेकर फरार हो गया। महिला के लहूलुहान होने के बाद सड़क पर गिरने पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई और किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर आ गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि महिला की शिनाख्त नही हो सकी है। महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष है।
ये भी पढे़ं : रामपुर : कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षार्थियों ने दी हाईस्कूल की परीक्षा, कक्ष में प्रवेश से पहले बच्चों हुई तलाशी
