Kanpur Dehat: मोबाइल ढूढ़ने निकली महिला हुई थी लापता…दो साल बाद कानपुर से हुई बरामद, पढ़ें- पीछे की पूरी कहानी
कानपुर देहात में दो साल से लापता महिला बरामद
कानपुर देहात, अमृत विचार। दहेज हत्या व महिला की गुमशुदगी के संबंध में करीब दो साल पहले दर्ज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने लापता महिला को बरामद कर लिया। महिला के भाई व पति ने अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जो गलत पाई गई है।
डेरापुर थाना क्षेत्र के बिजहरा गांव निवासी अमित पाल ने 30 जुलाई 2021 को थाना डेरापुर पर बहन नीलम पाल के ससुरालीजनों के विरूद्ध अतिरिक्त दहेज की मांग करने, शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व बहन को षडयंत्र के तहत 13 जून 2021 को विदा कराकर ले जाने और रास्ते में कहीं उसकी हत्या कर लाश गायब कर देने आदि की लिखित तहरीर दी थी।
जिस पर दहेज हत्या, समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान दहेज हत्या की धारा हटाकर गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई गई थी। इसी प्रकरण में नीलम पाल के पति राजू पाल निवासी ककोर, थाना दिबियापुर जिला औरेया ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 13 जून 2021 को पत्नी नीलम पाल को विदा कराकर बाइक से लौट रहा था।
तभी थाना रूरा क्षेत्र में पत्नी परहुल देवी मंदिर में दर्शन के लिए चलने के लिए कहने लगी। नहर पुल रूरा की दुकान से प्रसाद लेकर मंदिर में चढ़ाने के बाद पत्नी ने मोबाइल फोन प्रसाद वाली दुकान पर भूल जाने की बात कही और लेने चली गई। लेकिन वापस नहीं लौटी।
जिस पर उसने पत्नी नीलम पाल के मौसेरे भाई जयनरायन निवासी ग्राम टिढ़वा थाना रूरा के विरूद्ध पत्नी व उसकी चार वर्षीय बेटी को ले जाने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। डेरापुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, सर्विलांस
सेल व मुखबिर की सूचना पर अपह्त नीलम पाल को 21 फरवरी को कानपुर नगर से बरामद कर लिया गया। महिला ने सुरेश बाबू उर्फ गुड्डू निवासी नोनारी थाना डेरापुर से जान-पहचान व दोस्ती होने तथा उसी के साथ बेटी सहित जाकर कानपुर नगर के
जरौली प्रथम निवासी देवेंद्र दीक्षित के मकान में किराये पर रहने की बात बताई। थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकार पीड़िता के भाई अमित पाल द्वारा अपनी बहन के पति, देवर व चचिया ससुर के विरूद्ध दर्ज कराया गया मुकदमा तथा पति राजूपाल द्वारा दर्ज कराई गई एनसीआर के आरोप सही नहीं पाए गए हैं। फिलहाल बरामद महिला नीलम पाल का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
