शाहजहांपुर: गन्ना छिलाई कर रहे श्रमिकों पर तेंदुए ने बोला हमला, चपेट में आया युवक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वन विभाग ने हजारों ग्रामीणों के साथ गन्ने के चारों ओर की घेराबंदी

खुटार/शाहजहांपुर, अमृत विचार। खुटार में सीतापुर-सहारू गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गन्ना छिलाई कर रहे श्रमिकों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में गांव नरौठा देवीदास के रहने वाले सकटे का 18 वर्षीय पुत्र दीपक चपेट में आ गया। जिससे उसके हाथ, पेट और सीने में तेंदुआ के पंजे लगने से घायल हो गया। जबकि इससे पहले सुबह 7:30 बजे तेंदुआ के गन्ने में छिपे होने की आहट महसूस की गई थी। 

वन विभाग ने हजारों ग्रामीणों के साथ गन्ने के चारों तरफ घेराबंदी कर पटाखे छुड़ाएं और हो हल्ला मचा कर तेंदुआ को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद उस गन्ने से निकल कर एक तेंदुआ कुछ दूर पर दूसरे गन्ने में चला गया। तो वहीं, दूसरा तेंदुआ जान बचाकर नरौठा हंसराम में झाबर की तरफ भाग निकला। लेकिन गन्ने में डेरा डाले तेंदुआ को खदेड़ना का प्रयास किया जा रहा है।

गांव सीतापुर निवासी राजकुमार का खेत गांव किनारे है। उनके खेत में गन्ना की फसल खड़ी है। बृहस्पतिवार को उनके खेत में गन्ना की छिलाई चल रही थी। गन्ना की छिलाई करने वाले श्रमिक गांव लुकटाह और नरौठा देवीदास के दीपक, कंधई, गोलू, संतोष, हिमांशु, रज्जा देवी, जिलेदार, मझले आदि श्रमिक मौजूद थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव सीतापुर निवासी श्रीपाल शौच करने राजकुमार के खेत की ओर गए। गन्ने में खड़काहाट और किसी जानवर के आवाज सुनाई देने पर आशंका हुई। श्रीपाल ने यह बात मौजूद खेत स्वामी और श्रमिकों को बताई। 

जंगली जानवर होने की आशंका से लोग गन्ने के खेत से निकलकर गांव किनारे पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग में रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने वनकर्मी संतोष पाठक, संजीव कुमार, अशोक वाजपेयी, संदीप कुमार, अशोक चतुर्वेदी कई वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों से पूछताछ की। उधर, तेंदुआ होने की खबर फैलते ही चार हजार से अधिक संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। 

रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने वनकर्मियों के साथ ही हजारों ग्रामीणों के साथ गन्ने के चारों ओर घेराबंदी की। सभी के हाथ में लाठी डंडा थे। वन विभाग ने पटाखे छुड़ाए और लोगों के शोर शराबा करने के दौरान एक तेंदुआ राजकुमार के गन्ने के खेत से निकलकर गांव के ही लतीफ खां के गन्ने खेत में चला गया। उम्मीद हुई कि तेंदुआ चला गया। तो लोगों ने राहत की सांस ली।

इसके बाद राजकुमार के खेत में फिर से गन्ने की छिलाई शुरू कर दी गई। बृहस्पतिवार दोपहर में गन्ने में बैठे  दूसरे तेंदुआ ने श्रमिकों पर हमला कर दिया। हमले में दीपक कुमार चपेट में आ गया और घायल हो गया। दो तेंदुआ होने से अफरा तफरी मच गई। इस बीच एक तेंदुआ गांव नरौठा हंसराम में झाबर की ओर निकल गया। लेकिन देर शाम तक वन विभाग गन्ने के खेत में बैठे तेंदुआ को खदेड़ने का प्रयास करते रहे।

युवक पर हमले के बाद पहुंचे एसडीओ
खुटार के गांव सीतापुर में गन्ने की छिलाई कर रहे श्रमिक दीपक पर तेंदुआ के हमला करने के बाद वन विभाग के एसडीओ डॉ सुशील कुमार ने रेंजर मनोज श्रीवास्तव के साथ मौके पर पहुंचे और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। इसके बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने तेंदुआ को खदेड़ने का प्रयास किया। देर शाम तक एसडीओ डॉ सुशील कुमार गांव में मौजूद रहे और तेंदुआ भागने का सिलसिला जारी रहा।

घायल दीपक का उपचार के बाद दी गई छुट्टी
तेंदुआ के हमले से घायल दीपक के परिजनों ने उसे खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसके हाथ, पेट, सीने में पंजे लगे देख उसका उपचार शुरू किया। उपचार के बाद डॉक्टर ने दीपक को छुट्टी दे दी। इसके बाद परिजन उसे घर लेकर चले गए।

तेंदुआ के हमले से दहशत में सहम गया दीपक
दीपक पर तेंदुआ के हमला करने से काफी दहशत में पहुंच गया है। उसकी उम्र तकरीबन 18 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के पूछताछ में भी दीपक कुछ बोल नहीं पा रहा था। परिजन उसी हालत में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार हुआ। तेंदुआ के हमले से दीपक डर गया था और घबराया हुआ था। जिससे कुछ बोल नहीं पा रहा था।

तेंदुआ से बचाने नहीं... फोटो खींचने पहुंचे पुलिसकर्मी... कहा ग्रुप में डालना है
पुलिस समाज की सुरक्षा को लेकर कार्य करती रहती है लेकिन आज कुछ अलग ही अंदाज दिखा। लोगों के मुताबिक, गांव सीतापुर में दो तेंदुआ आतंक मचा रहे थे। बचाव में वन विभाग और ग्रामीण भारी तादाद में एकत्र हुए। मदद लेने को पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना थानाध्यक्ष कार्यवाहक राजकुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। जहां घटनास्थल पर मौजूद होने की फोटो खिंचा ली और चल दिए। वन विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों को गन्ने से दूर करने की बात कही। जिस पर पुलिसकर्मियों का जवाब आया कि अधिकारियों के ग्रुप में फोटो डालना है। यह बात कह कर वापस लौट आये। वन विभाग की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को दूर हटाया। जिससे घटना होने से बच सके।

दो तेंदुआ से आसपास गांव में दहशत
खुटार के गांव सीतापुर में गन्ने के खेत में दो तेंदुआ दिखे जाने के बाद कई गांव में दहशत का माहौल है। सीतापुर, सहारू, सिंहपुर, पीतमपुर, कढ़ैया, लुकटाह, नरौठा देवीदास, नरौठा हंसराम आदि गांव में तेंदुआ की दहशत फैली हुई है। इससे ग्रामीण परेशान है। उधर, आबादी के बीच पहुंचे दोनों तेंदुआ ने उत्पात मचा कर रख दिया।

10 घंटे के बाद भी तेंदुआ को गन्ने से नहीं खदेड़ सकी वन विभाग की टीम
बृहस्पतिवार सुबह से ही गन्ने में बैठे दो तेंदुआ ने अफरा-तफरी मचा दी। हमले में एक युवक भी घायल हो गया। वन विभाग ने ग्रामीणों के साथ एक तेंदुआ को भगाने में कामयाब हो गए। लेकिन दूसरा तेंदुआ उस गन्ने से निकलकर दूसरे गन्ने में चला गया। करीब 10 घंटे वन विभाग के साथ ही ग्रामीणों ने तेंदुआ को खदेड़ने के लिए प्रयास करती रही। लेकिन निराशा ही हाथ लगी। देर शाम तक वन विभाग की टीम काबिंग करती रही।

पहले भी जंगली जानवरों के हमले से लोग हो चुके हैं घायल

1- 28 अगस्त, वर्ष 2020 को गांव भरकलीगंज के मजरा बुझिया के रहने वाले बाबू शाह और उनके पुत्र शाहबाज पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था।

2- 18 मई वर्ष, 2021 में गांव छापाबोझी निवासी जमालुद्दीन की पुत्री घास कटाने गई ईराज बानो पर बाघ ने हमला बोला था। जिससे वह घायल हो गई थी।

3- 8 मई, वर्ष 2021 में जसवंतनगर गांव के एक युवक पर बाघ ने हमला कर दिया था। परिजनों ने उसे खीरी के मैलानी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था।

4- 18 अगस्त, वर्ष 2022 को गांव रौतापुर कलां के रहने वाले मनोज कुमार का छह वर्षीय पुत्र चाहत पर सियार ने हमला कर घायल कर दिया था। जबकि रमेश का 11 वर्षीय पुत्र जितिन बच गया था।

5- 18 सितंबर, वर्ष 2022 को गांव कुसुमा निवासी परमेश्वरदीन, गुड्डी देवी, अनमोल और घर के बाहर बंधे जानवरों पर सियार ने हमला किया था। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे।

6- 19 मार्च, वर्ष 2023 को चांदपुर निवासी बबलू खेत पर गए थे और बाघ ने हमला कर दिया था। जिसमें वह घायल हो गया था।

7- 6 जून, वर्ष 2023 को गांव मोहनपुर में घास काटने गए किसान रामकुमार पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया और घायल हो गए थे।

रेंजर की सूचना पर वन कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचा था। पटाखे आदि जलाकर तेंदुआ को गन्ने से खदेड़ा गया है। घायल युवक का भी हाल जाना गया है। ग्रामीणों से खेत पर समूह बनाकर जाने को कहा गया है- डॉक्टर सुशील कुमार, एसडीओ वन विभाग।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: चेयरमैन के साले की गोली मारकर हत्या, आरोपी की तलाश में टीम गठित

संबंधित समाचार