बरेली: ऑटो चालक कर रहे मनमानी... कई रूटों पर बढ़ाया किराया, रात में दोगुनी वसूली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार: शहर के कई रूटों पर ऑटो वालों ने गुपचुप ढंग से किराया बढ़ा दिया है। जिन रूटों पर अब तक पांच रुपये किराया था, उन पर अब 10 से 15 रुपये तक लिए जा रहे हैं। यही नहीं, रात में दोगुने किराए की वसूली की जा रही है। ऑटो वालों की यूनियन और परिवहन विभाग के अफसर दोनों किराया बढ़ाए जाने की जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं। लेकिन दूसरी तरफ इस मनमानी की शिकायत पर कोई कार्रवाई भी नहीं की जा रही है।

ऑटो वालों की मनमानी का यह हाल है कि जंक्शन से डेलापीर तक के लिए 20 रुपये का किराया निर्धारित होने के बावजूद यात्रियों से अब 25 रुपये वसूल किए जा रहे है। जंक्शन से सेटेलाइट तक का किराया 10 रुपये है लेकिन ऑटो चालक 15 रुपये लेने लगे हैं।

इसी तरह जंक्शन से चौपुला और चौकी चौराहे तक के लिए पांच रुपये के बजाय 10 रुपये लिए जा रहे हैं। पिछली बार किराया निर्धारण के दौरान शहर के कई रूटों पर न्यूनतम किराया पांच रुपये तय किया गया था लेकिन अब ऑटो वालों ने इसे पांच से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया है।

रात में ऑटो वालों की मनमानी और बढ़ जाती है। शहर के पुराना और सेटेलाइट बस अड्डे के साथ जंक्शन के बाहर खड़े होने वाले ऑटो यात्रियों से दो से तीन गुना तक किराया वसूल करते हैं। सारे ऑटो वालों के एकजुट रहने की वजह से यात्रियों को मजबूरी में ज्यादा किराया देना पड़ता है। कई बार विवाद होते हैं, कई शिकायतें भी की जा चुकी हैं लेकिन समस्या का हल नहीं निकल पा रहा है।
शहर में ऑटो का निर्धारित किराया

शहामतगंज से डेलापीर 10 रुपये, जंक्शन से शहामतगंज 10 रुपये, जंक्शन से डेलापीर 20 रुपये, जंक्शन से चौकी चौराहा पांच रुपये, जंक्शन से चौपुला पांच रुपये, जंक्शन से कुतुबखाना 10 रुपये, जंक्शन से सेटेलाइट तिराहा 10 रुपये, जंक्शन से किला 10 रुपये।

सभी रूट पर किराया निर्धारित है। अगर निर्धारित से ज्यादा किराया वसूला जा रहा है तो यह गलत है। जल्द ही सभी ऑटो में किराए की रेट लिस्ट चस्पा कराई जाएगी--- गुरुदर्शन सिंह, जिलाध्यक्ष बरेली ऑटो रिक्शा टेंपो चालक कल्याण सोसाइटी।

कमिश्नर के आदेश के बाद भी नहीं रुके देहात परमिट के ऑटो
कहने को शहर स्मार्ट सिटी बन चुका है लेकिन पूरे सिस्टम में नियम-कायदों के बंधन भी टूटते जा रहे हैं। शहर में सैकड़ों की संख्या में दौड़ रहे देहात परमिट के ऑटो की वजह से सड़कों पर जाम लग रहा है लेकिन कई बार कमिश्नर की ओर से आदेश जारी किए जाने के बावजूद इन पर रोक नहीं लग पा रही है। न परिवहन विभाग के अफसर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं न ट्रैफिक पुलिस।

यह भी पढ़ें- बरेली वासियों के लिए खुशखबरी, अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा फिर शुरू

संबंधित समाचार