बरेली: फरीदपुर में 0.329 हेक्टेयर में फैले तालाब की भूमि का सौदा
बरेली, अमृत विचार। तालाबों की भूमि बेचने का खेल बरेली में ही नहीं, तहसीलों में भी हुआ है। अब फरीदपुर तहसील क्षेत्र का मामला सामने आया है। यहां ग्राम धरौरा में स्थित करीब 0.329 हेक्टेयर में फैले तालाब की भूमि का सौदा कर दिया गया। माफिया से सांठगांठ कर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक पर जमीन …
बरेली, अमृत विचार। तालाबों की भूमि बेचने का खेल बरेली में ही नहीं, तहसीलों में भी हुआ है। अब फरीदपुर तहसील क्षेत्र का मामला सामने आया है। यहां ग्राम धरौरा में स्थित करीब 0.329 हेक्टेयर में फैले तालाब की भूमि का सौदा कर दिया गया। माफिया से सांठगांठ कर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक पर जमीन बेचने का आरोप लगाया गया है। तालाब गांव के किनारे है। खरीदारों ने उसे पाटना शुरू किया तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। इस पर एक ग्रामीण ने लिखित शिकायत अपर जिलाधिकारी वित्त मनोज कुमार पांडेय से की है।
प्रकरण की जांच अपर जिलाधिकारी प्रशासन करेंगे। ग्राम धरौरा के रवि सिंह ने शिकायत की है कि गाटा संख्या-111, रकबा 0.329 हेक्टेयर में सरकारी तालाब है। इसकी चौहद्दी पूरब मकान रामौतार, पश्चिम में सरकारी सड़क, उत्तर में आराजी शिशुपाल व दक्षिण में ऋषिपाल का मकान है। आरोप लगाते हुए कहा कि तहसील के एक लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ने तीन लोगों से मोटी रकम लेने को साठगांठ की और तालाब बेच दिया। तालाब की आराजी का पटान कराकर अवैध कब्जा कर लिया है।
तालाब पटने से ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। अभी उनके घरों का गंदा पानी नालियों के जरिए तालाब में पहुंच रहा है। तालाब पटने से पानी की निकासी बंद हो जाएगी। रवि ने अपर जिलाधिकारी वित्त से भूमि से कब्जा हटवाकर तालाब को शुरू कराने की मांग की है। तालाब की भूमि बेचने वाले लेखपाल और राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की मांग उठाई है। शिकायत मंडलायुक्त, राजस्व परिषद के अध्यक्ष से भी की गई है।
