गोंडा: इटियाथोक की महिला की गोरखपुर में गला दबाकर हत्या, दहेज की लालच में हत्या का लगा आरोप, पति गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाई की तहरीर पर पुलिस ने 7 लोगो के खिलाफ दर्ज किया दहेज हत्या का मुकदमा

गोंडा। जिले के इटियाथोक कस्बे की रहने वाली एक महिला की गोरखपुर में गला दबाकर हत्या कर दी गयी। मृतका के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस ने पति समेत सभी आरेपियों को कस्टडी में ले लिया है और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

इटियाथोक थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी राजकुमार ने बताया कि उन्होने 21 अप्रैल 2022 को अपनी बेटी रूपा की शादी गोरखपुर के सहजनवा के ग्राम मझरिया पोस्ट घघसरा के रहने वाले भारत प्रसाद के बेटे उदय शाहकार के साथ की थी। शादी में उन्होने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज में चार पहिया वाहन, 10 तोला सोना सहित अन्य सामान देकर बेटी की विदाई की थी, लेकिन रूपा के ससुराल वाले और दहेज की मांग कर रहे थे।

इसी बात को लेकर रूपा देवी और उसके पति उदय शाहकार के बीच विवाद हुआ करता था। राजकुमार ने बताया कि गुरुवार की रात भी पति पत्नी के बीच दहेज को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि पति उदय शाहकार ने पत्नी रूपा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उनके बेटे को फोन कर रूपा की तबीयत खराब होने की सूचना दी। परिवार के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो रूपा का शव पड़ा मिला।

मृतका के भाई भोलानाथ ने बताया कि जब वह लोग बहन के घर पहुंचे तो देखा बहन मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी है और गले में काला निशान है। पीड़ित परिवार के लोगो ने थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर में पति सहित परिवार के सात अन्य लोगो के खिलाफ नामजद तहरीर दी।

प्रभारी निरीक्षक सहजनवा जनपद गोरखपुर मदन मोहन ने बताया मृतका रूपा देवी के भाई भोलानाथ की तहरीर पर पति उदय शाहकार, जेठ दीपक कुमार, देवर जय, अमृत कुमार, सास उमा देवी, जेठानी गीता देवी, ननद सरिता देवी और ननदोई राहुल कुमार के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी पुलिस कस्टडी में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: गोंडा: एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने फूंका ममता बनर्जी का पुतला, संदेशखाली मामले पर जताया आक्रोश

संबंधित समाचार