Bareilly News: सदर हवालात की सरिया काटकर हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर फरार, 3 पुलिसकर्मी निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो- हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव और गैंगेस्टर सचिन सैनी

बरेली, अमृत विचार: न्यायालय परिसर स्थित सदर हवालात से दो बंदी हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव और गैंगेस्टर सचिन सैनी सरिया काटकर फरार हो गए। दोनों को बिथरी चैनपुर स्थित केंद्रीय कारागार दो से कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। मामले में एसएसपी ने एसआई वीरेंद्र कुमार, सिपाही प्रांशु कुमार और रॉबिन को निलंबित कर दिया है। कोतवाली में फरार बंदियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएसपी ने फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

अभियोजन में तैनात दरोगा वीरेंद्र कुमार की तरफ से कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के लिए केंद्रीय कारागार-दो से 61 बंदियों को लाया गया था। शाम को पेशी के बाद जेल वापस ले जाने के लिए गिनती की गई तो कोतवाली के बिहारीपुर ढाल निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव और सीबीगंज के पस्तौर निवासी गैंगस्टर सचिन सैनी गायब मिले।

पुलिस ने देखा तो सदर हवालात की दो सरिया कटी मिली, तब तक दोनों फरार हो गए थे। जानकारी पर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी सिटी राहुल भाटी, एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोर्स ने कोर्ट का चप्पा-चप्पा खंगाला लेकिन कहीं नहीं मिले।

न्यायालय परिसर की सदर हवालात की दो सरिया काटकर दो बंदी फरार हुए हैं। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए एक दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। चार टीमें दोनों की तलाश कर रही हैं---घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी।

यह भी पढ़ें- Bareilly News: 20 हजार रुपये की रिश्वत लेता संविदा कर्मी गिरफ्तार, FIR के बाद SDO फरार

संबंधित समाचार