हरदोई: डाक्टर पर हाथ चलाने में कांस्टेबल निलंबित, पोस्टमार्टम हाउस में हुई थी झड़प 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाली-गलौज का नहीं बल्कि कांस्टेबल का वीडियो बना कर एसपी को दिखाया

हरदोई, अमृत विचार। शव के पोस्टमार्टम के लिए भटक रहे कांस्टेबल की पोस्टमार्टम हाउस में तैनात डाक्टर से नोंकझोंक हो गई। उस पर डाक्टर ने कांस्टेबल को गाली-गलौज करते हुए उसे औकात बताने की धमकी दी,जिस से गुस्साए कांस्टेबल ने डाक्टर पर हाथ छोड़ दिया। डाक्टर की हरकत पर वहां के कर्मचारी खामोश रहे,लेकिन जब कांस्टेबल की बारी आई तो उन्ही लोगों ने उसका वीडियो बना कर उसे एसपी के सामने पेश कर दिया। जिस पर एक्शन में आए एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने कांस्टेबल गगन सिंह को निलंबित कर दिया।

दरअसल शुक्रवार को हरपालपुर थाने के टिलिया घटवासा में बस पलटने से अरवल थाने के बेहथर निवासी अंकित के 3 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु की मौत हो गई थी। हरपालपुर थाने में तैनात सिपाही गगन सिंह की शव का पोस्टमार्टम कराने में ड्य़ूटी लगाई गई। गगन सिंह ने शुक्रवार को दौड़-भाग कर पोस्टमार्टम की सारी कार्यवाही पूरी कर ली,लेकिन फिर भी दिव्यांशु के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को गगन सिंह ने पोस्टमार्टम की ड्य़ूटी कर रहे डा.पीयूष गुप्ता से दौड़-भाग का हवाला देते हुए जल्दी पोस्टमार्टम किए जाने की बात कही,जिस पर डा.गुप्ता ने उसे उल्टा लापरवाह बताते हुए उस पर न सिर्फ़ बरसे बल्कि उसे गाली-गलौज करते हुए उसे औकात याद दिलाने की धमकी तक दे डाली। 

आखिरकार कांस्टेबल से रहा नहीं गया और उसने हद पार करते जा रहे डाक्टर पर हाथ छोड़ दिया। बताते है कि डाक्टर की गाली-गलौज पर खामोश खड़े रहे वहां के किसी कर्मचारी ने कांस्टेबल के ऐसा करने का वीडियो बना लिया और उसे एसी गोस्वामी के सामने पेश कर दिया गया। वीडियो में सिपाही की हरकत देख कर एक्शन में आए एसपी ने उसे निलंबित कर दिया। 

ये भी पढ़ें - BSP सांसद रितेश पांडे ने दिया इस्तीफा, मायावती ने लिखा-BSP बाबासाहब को समर्पित मूवमेंट

संबंधित समाचार