बरेली: कोरोना से चार की मौत, केंद्रीय मंत्री के पीए समेत 65 और संक्रमित
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण से मौतों का ग्राफ एकदम चढ़ गया। सोमवार को एकदम चार मौतें होने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई। मृतकों में 52 वर्षीय अधेड़, 38 वर्षीय युवक, 61 वर्षीय महिला और 71 वर्षीय एक बुजुर्ग शामिल हैं। वहीं, एक दिन में कुल 65 लोगों में कोरोना संक्रमण …
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण से मौतों का ग्राफ एकदम चढ़ गया। सोमवार को एकदम चार मौतें होने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई। मृतकों में 52 वर्षीय अधेड़, 38 वर्षीय युवक, 61 वर्षीय महिला और 71 वर्षीय एक बुजुर्ग शामिल हैं। वहीं, एक दिन में कुल 65 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें केंद्रीय मंत्री के पीए आलोक माथुर समेत सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. वीके शुक्ल के मुताबिक मृतक कोरोना संक्रमितों में नवाबगंज के बदपुरा निवासी 52 वर्षीय शांति स्वरूप 26 सितंबर को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनका उपचार कोविड एल-2 अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, 38 वर्षीय रामपुर गार्डन निवासी सचिन अग्रवाल भी बीते दिनों कोरोना संक्रमित हुए थे। इनका इलाज शहर के बाहर कोविड एल-2 अस्पताल में चल रहा था मगर सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई।
एमजेपीआरयू निवासी 61 वर्षीय सोमवती भी कोरोना संक्रमित थीं। सोमवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। फरीदपुर के कानून गोयान पानी की टंकी वाली गली निवासी 71 वर्षीय श्याम किशोर की मौत हो गई। इनका 27 सितंबर को सैंपल लिया गया था। वहीं, सोमवार को मिले संक्रमित 65 लोगों में 43 लोग एंटीजन और ट्रूनॉट से और आईवीआरआई से पांच लोग पॉजिटिव आए हैं। साथ ही जिले के सात मासूमों को भी कोरोना ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। इनमें से एक की उम्र तो एक वर्ष से भी कम है।
केंद्रीय मंत्री का कार्यालय दो दिनों के लिए बंद
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के पीए आलोक माथुर के संक्रमित आने के बाद पूरे कार्यालय को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। पूरे कार्यालय को सैनेटाइज कराया जा रहा है। दो दिनों तक उनके पूरे कार्यालय को लगातार सैनेटाइज किया जाएगा जिससे संक्रमण का खतरा कम हो सके।
इन इलाकों के मिले संक्रमित
सोमवार को फरीदपुर, ट्यूलिप ग्रांट, राजेंद्र नगर, केसर मील, टांडा बिहारी, स्टेशन रोड फरीदपुर, ब्रिजलोक कॉलोनी, गार्डन सिटी, कांधरपुर, सीएमओ ऑफिस, रामपुर गार्डन, टनकपुर, मढ़ीनाथ, शाहबाद, गांधीपुरम, सिविल लाइंस, तृप्ति धाम, शास्त्री नगर, अग्रसेन नगर, इफ्को टाउन शिप, हजियापुर, प्रेमनगर, नकटापुर, जिगिनिया, डिफेंस कॉलोनी, खजुरिया, सुपर सिटी, सुरेश शर्मा नगर, बहेड़ी, तुलसी नगर, डीडी पुरम, राजनगर, गोपालपुर, गंगवार इनक्लेव, पीबी मार्ग कैंट, एयर फोर्स स्टेशन, छावनी, झील गौटिया, डीपीएम ऑफिस आदि इलाकों में संक्रमित पाए गए हैं।
जिलाधिकारी के पिता ने कोरोना को दी मात
आखिरकार जिलाधिकारी नितीश कुमार के पिता डा. महेंद्र प्रसाद ने कोरोना से जंग जीत ली। सोमवार को कोविड एल-2 एसआरएमएस से उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इस दौरान अपने पिता को अस्पताल लेने के लिए खुद जिलाधिकारी नितीश कुमार अपनी मां और पत्नी के साथ कोविड एल-2 अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कालेज के कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया। साथ ही कोरोना मरीजों के उपचार में लगे डाक्टर और स्टाफ से भी बात की। उन्होंने बरेली के लोगों को कोरोना से न घबराने की सलाह भी दी। कहा कि मैं और मेरा परिवार भी संक्रमित हो गये थे लेकिन अपने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा रखकर उन्होंने यहीं इलाज कराया। वहीं, सीएमओ डा.वीके शुक्ल भी कोरोना से जंग जीतकर लौट आए। कार्यालय आकर उन्होंने अपने कुछ जरूरी काम भी निपटाए। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ है।
