अयोध्या: जल पुलिस ने खोजकर तमिलनाडु की महिला श्रद्धालु को सौंपा बैग, रखा था मोबाइल, नकदी व कागजात
अयोध्या, अमृत विचार। रामलला के दर्शन पूजन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु का नयाघाट सरयू क्षेत्र में बैग गायब हो गया। मामले की जानकारी जब जल पुलिस के जवानों को मिली तो तलाश शुरू हुई। ढ़ाई घंटे की मशक्कत के बाद महिला श्रद्धालु का बैग एक नाव पर मिल गया। दरअसल नौका बिहार के दौरान महिला का बैग नाव पर ही छूट गया था।
जल पुलिस के प्रभारी रुबे प्रताप मौर्य ने रविवार को बताया कि तमिलनाडु प्रांत की महिला श्रद्धालु प्रीमल रत्नावेल ने शिकायत की कि उसका हैंडबैग कहीं गायब हो गया है। बैग में 10524 रुपये, मोबाइल और आधार कार्ड, वोटर कार्ड आदि रखा था।
इसके बाद महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई और जवानों व नाविकों को तलाश में जुटाया गया। ढाई तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरक्षी नित्यानंद यादव व नाविक मुकेश माझी ने नाव से बैग को खोज लिया, इसके बाद बैग को महिला श्रद्धालु के हवाले किया गया है।
