बहराइच: सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत, साथी समेत चार घायल
बहराइच, अमृत विचार। जिले के दो थानों के अलग अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके साथी समेत अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि श्रावस्ती में हुई सड़क दुर्घटना मे घायल हुए किशोर सहित दो को शहर स्थित मेडिकल कॉलेज को रेफर किया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
गोंडा जनपद के राजा बाजार मोहल्ला निवासी शोएब अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी अपने साथी के साथ बाइक से बहराइच आ रहा था। कोतवाली देहात के गोंडा बहराइच मार्ग पर बेरिया गांव के निकट बाइक में अनियंत्रित पिकअप ने रविवार शाम चार बजे टक्कर मार दी। जिसके चलते शोएब अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया, उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है।
देहात कोतवाल बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हुजुरपुर थाने के मुंशीपुरवा निवासी 35 वर्षीय सुकई पुत्र बाउर जल जीवन मिशन में पाइप लाइन बिछाने के कार्य में मजदूरी कर रहा है। वह रविवार को ट्रैक्टर ट्राली पर लदे पाइप लेकर आ रहा था। सुखनदिया के पास ट्राली पलटने को हुई। जिसके चले ट्राली पर सवार सूकई नीचे जा गिरा। उसके ऊपर भारी भरकम सीमेंटेड पाइप गिरने से वह घायल हो गया। उसे एंबुलेंस पर लादकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर बनी हुई देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। देहात कोतवाली के बहराइच गोंडा हाईवे के बेरिया समय माता मंदिर के पास रविवार दोपहर में तेज रफ्तार वाहन ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक मे टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार दरगाह थाने के अहिरौरा के मजरे लालगढ़ा निवासी 45 वर्षीय गुड्डु पुत्र जमूरे घायल हो गया।
दुर्घटना होते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर एंबुलेंस चालक अमन, ईएमटी पवन कुमार ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। श्रावस्ती जिले के सोनवां थाने के बरदेहरा भारी गांव निवासी 15 वर्षीय कादरी पुत्र वकील, 22 वर्षीय आलोक पुत्र रामगोपाल सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। घायलों को भिनगा से बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
