शाहजहांपुर: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा- युवाओं से माफी मांगें राहुल गांधी

शाहजहांपुर: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा- युवाओं से माफी मांगें राहुल गांधी

शाहजहांपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बनारस को लेकर राहुल गांधी ने जो कहा उसके लिए उन्हें युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। ऐसे लोग जो दूसरों पर आक्षेप लगाते हैं उन्हें अपने गिरेबान में भी झांकना चाहिए। उन्हें देखना चाहिए कि वह खुद क्या हैं। राहुल गांधी ने जो कुछ बनारस को लेकर कहा वह युवा पीढ़ी का अपमान है। उन्होंने सुना है कि कांग्रेस व अन्य पार्टियों में गठबंधन हुआ है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इतनी बौनी हो गई है कि उसे क्षेत्रीय दलों से सीटों की भीख मांगनी पड़ रही है। अखिलेश यादव ने कहा है कि उन्होंने कांग्रेस को कुछ सीटें लोक सभा चुनाव लड़ने के लिए दी हैं। 

महागठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि 100 बंदर भी इकट्ठे हो जाएं तो भी हाथी को नहीं मार सकते। कहा कि पूरा देश राहुल गांधी से नफरत करता है। यह बात अब साबित हो चुकी है। कांग्रेस ने जगह-जगह ठोकर खाई है। जनता ने उन्हें ठुकराया है। हमारी पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के नारे के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। उनकी छवि बिगड़ने के लिए राहुल गांधी कई बार बयानबाजी करते हैं।

इसके बाद उन्होंने भाजपा की ओर से पार्टी कार्यालय पर आयोजित महिला सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर शिल्पी गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं जिला प्रभारी सुरेश राणा रहे। पूर्व मुखयमंत्री ने मोदी सरकार की ओर से महिलाओं के सम्मान में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। 

इसके बाद महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने महिलाओं के हित में उठाए गए कदमों की जानकारी दी और सुरक्षा से लेकर आरक्षण तक हर एक योजना के बारे में बताया। महिलाओं से लोकसभा के चुनाव में मोदी की सरकार का साथ देने की अपील की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, सांसद अरुण सागर, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव,  एमएलसी सुधीर गुप्ता, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, चंद्रशेखर खन्ना, डीपीएस राठौर, शक्ति वंदन अभियान के संयोजक अनिल गुप्ता, हेमेंद्र वर्मा, वर्षा अवस्थी आदि मौजूद रहे।

एनडीए गठबंधन 400 पार करेगा
भाजपा कार्यालय पर लोक सभा संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में देश के साथ-साथ इंडी गठबंधन के नेता भी कह रहे हैं कि केंद्र सरकार के कार्यों और मोदी की लोकप्रियता चरम पर है। भाजपा एनडीए गठबंधन चार सौ पार करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह भी किया कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का चुनाव होने जा रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे समर्पण से एक-एक मतदाता से संपर्क करे और मतदेय स्थल तक लाकर वोट डलवाए। 

क्या बोला था राहुल गांधी ने
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत राहुल गांधी 21 फरवरी को रायबरेली पहुंचे थे। यहां के राता चौक पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और कहा कि, 'में वाराणसी गया था, मैंने वहां देखा सड़क पर हजारों युवा शराब पीकर लेटे हुए हैं और बाजा चल रहा है। शराब पी पीकर युवा बनारस की सड़क पर नाच रहे हैं।

अगले दिन युवा मुझसे मिलते हैं और कहते हैं कि हमारी जिंदगी बर्बाद हो गई। पेपर लीक हो गया। एक के बाद एक पेपर लीक हो रहा है, जो भी पेपर होता है वो लीक हो जाता है। एक युवा हमारे पास आकर कहता है कि पांच लाख रुपया कोचिंग में दिए और परीक्षा के दिन पेपर लीक हो जाता है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: निर्माण में लापरवाही पर फंसी 47 सचिवों की गर्दन, सभी को नोटिस जारी...जानिए मामला