Nafe Singh Rathi Murder Case: पूर्व विधायक समेत 12 लोगों पर FIR, हमलावरों का सामने आया CCTV फुटेज

Nafe Singh Rathi Murder Case: पूर्व विधायक समेत 12 लोगों पर FIR, हमलावरों का सामने आया CCTV फुटेज

चंडीगढ़। दिल्ली से सटे हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नफे सिंह राठी और एक पार्टी कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को हरियाणा के एक पूर्व विधायक और 11 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राठी और पार्टी कार्यकर्ता जय किशन की रविवार को हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। CCTV में दिख रहा है कि कैसे वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावर काफी देर तक कार में सवार होकर राठी के आने का इंतजार करते रहे।इस हमले में राठी द्वारा सुरक्षा के लिए रखे गए तीन निजी बंदूकधारी भी घायल हो गए। लोकसभा चुनाव से कुछ सप्ताह पहले हुए इस हमले पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया जतायी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य में कानून-व्यवस्था खराब होने का आरोप लगाया। 

हरियाणा INLD प्रमुख नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या के मामले पर झज्जर DSP शमशेर सिंह ने कहा, "हर तरह के CCTV कैमरों की मदद से सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। संदिग्ध गाड़ी की भी जांच की जा रही है।" उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर हमने FIR दर्ज कर ली है। 5 टीमों का गठन किया गया है... जांच की जा रही है, आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।"

हमले में पूर्व विधायक राठी के तीन अंगरक्षक भी घायल हो गए थे। पुलिस ने पूर्व विधायक नरेश कौशिक, कर्मबीर राठी, रमेश राठी, सतीश राठी, गौरव राठी, राहुल और कमल के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इनके अलावा पांच अज्ञात लोगों का भी प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है। हत्या समेत भारतीय दंड संहित (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

नफे सिंह राठी के परिजनों ने हत्या के दोषियों की गिरफ्तारी होने तक उसके शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। लोकसभा चुनाव से करीब दो माह पहले हुए इस हमले को लेकर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। विपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित हरियाणा में कानून-व्यवस्था खराब होने का आरोप लगाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वारदात में शामिल एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने भाजपा नीत सरकार पर आरोप लगाया कि राठी की जान को खतरा होने के बावजूद सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रही। उन्होंने घटना की सीबीआई जांच की भी मांग की। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने भी इस घटना को लेकर खट्टर सरकार पर निशाना साधा। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "हरियाणा में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या किये जाने की खबर बेहद दुखद है। यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था को दर्शाती है...आज राज्य में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।" आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि ‘‘हरियाणा में कानून का राज खत्म हो गया है और जंगलराज कायम है। आज हरियाणा में कोई भी सुरक्षित नहीं है।’’

ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी आज ‘भारत टेक्स-2024’ का करेंगे उद्घाटन, 100 से अधिक देश इवेंट में लेंगे हिस्सा