हरदोई: एसपी आफिस की पीछे एक दुकान में रखे दानपात्र में हुई चोरी, 35 हजार की नकदी गायब, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। एसपी आफिस के पीछे एक आटो गैराज के शो-रूम का शीशा तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने वहां रखे दान-पत्र में लगा ताला तोड़ दिया और उसमें रखे 35 हज़ार रुपये पार कर ले गए। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। साथ ही गैराज के मालिक से जानकारी जुटा कर कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।

बताया गया है कि कोतवाली देहात के पेनी पुरवा निवासी श्रीकांत मिश्रा की कोतवाली शहर के एसपी आफिस के पीछे तृप्ति के नाम से ऑटो गैराज है। जहां फोर-व्हीलर गाड़ियों की मरम्मत का काम होता है। श्रीकांत मिश्रा ने बताया कि गैराज में रखे दान-पत्र में धार्मिक अनुष्ठान के लिए रोज़ाना पैसे डाले जाते हैं। उसमें पिछले दो साल से दान किए गए पैसे रखे हुए थे। गैराज के मालिक के मुताबिक दान-पत्र में तकरीबन 35 हज़ार की नगदी रखी हुई थी।

रविवार की रात चोरों ने गैराज के अंदर पहुंच कर उसके शो-रूम का शीशा तोड़ दिया और अंदर घुस कर दान-पत्र में लगे ताले को हथौड़ी से तोड़ कर उसमें रखी सारी नगदी उठा ले गए। सोमवार की सुबह जब गैराज खोला गया तो रात में हुई चोरी की वारदात का पता चला। इसका पता होते ही वहां पुलिस पहुंच गई। उसने वहां छानबीन करते हुए गैराज के मालिक से ज़रूरी जानकारी जुटाई और उसी बिना पर कुछ लोगों से पूछताछ की। साथ ही कुछ और लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि सारे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

यह भी पढे़ं: बहराइच: पीएम के संबोधन से महिला किसान को मिला संबल, जानिए तारीफ में क्या कहा?

संबंधित समाचार