Agra News: पति नहीं लाता था मोमोज, पत्नी रूठकर चली गई मायके...मामला थाने पहुंचने के बाद इस वादे पर हुआ समझौता
आगरा, अमृत विचार। पति-पत्नी विवाद के अजीबोगरीब मामले परिवार परामर्श केंद्र में आते हैं। जिन्हें जानकर सभी को हैरानी हो जाती है। एक ऐसा ही मामला परामर्श केंद्र में आया जिसने सभी को हैरान कर दिया।
दरअसल एक मामूली सी बात को लेकर एक महिला अपने पति के घर को छोड़ आई। बात सिर्फ इतनी सी थी कि उसका पति उसके लिए मोमोज लेकर नहीं आता है। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया और नाराज होकर पत्नी घर छोड़कर अपने मायके आ गई। 2 महीने से पत्नी अपने मायके में रह रही है। उसने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई। मामला परिवार परामर्श केंद्र में आया तो दोनों के बीच समझौता करा दिया गया।
बता दें मलपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की शादी 6 माह पूर्व पिनाहट के युवक से हुई। युवक पिनाहट में पत्थरों का कार्य करता है। युवक की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की उसका पति उसके खाने-पीने का ख्याल नहीं रखता है। उसे खाने में मोमोज बहुत पसंद है, लेकिन उसका पति उसके लिए मोमोज लेकर नहीं आता है। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। इससे नाराज होकर वह अपने मायके चली आई। पिछले 2 महीने से वह अपने मायके में रह रही थी। इस बीच महिला ने थाना मलपुरा में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र में पहुंच गया। रविवार को दोनों पक्षों को परामर्श केंद्र पर बुलाया गया। जहां दोनों पक्षों में आपसी सुलह कराई गई।
हफ्ते में दो बार लायेगा मोमोज
परिवार परामर्श के काउंसलर अमित गौर ने बताया कि दोनों पति-पत्नी की शादी को ज्यादा समय नहीं हुआ था। पत्नी गर्भवती थी। इसलिए पत्नी खाने-पीने की चीजों की फरमाइश करती थी। दोनों पति-पत्नी के बीच आपसी समझौता कर दिया है। पति ने वायदा किया है कि वह अब सप्ताह में दो बार मोमोज लेकर आएगा। हालांकि उसने यह भी कहा कि वह काम से लौटते समय वह इतना थक जाता था कि उसे मोमोज खरीद कर लाने का ध्यान नहीं रहता था। आगे वह इस बात का ख्याल रखेगा।
ये भी पढे़ं- आगरा: न्याय यात्रा में दिखा सपा का दबदबा, पीछे छूट गया कांग्रेसियों का काफिला
