Bareilly News: दिव्यांग जन शिविर में अव्यवस्थाओं का अंबार, महीनों से चक्कर काटने पर भी नहीं बन रहे प्रमाण पत्र

Bareilly News: दिव्यांग जन शिविर में अव्यवस्थाओं का अंबार, महीनों से चक्कर काटने पर भी नहीं बन रहे प्रमाण पत्र

बरेली, अमृत विचार। सीएमओ कार्यालय में सोमवार को आयोजित दिव्यांग जन शिविर में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। कई दिव्यांग महीनों से दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं, मगर उनका प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बन पाया है।

यहां सुबह आठ बजे से ही दिव्यांगों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। दिव्यांगों की जांच कर प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं, लेकिन डॉक्टर समय पर बोर्ड में मौजूद नहीं होते हैं। सोमवार को भी यही स्थिति दिखी। पूर्वाह्न 11 बजे तक डॉक्टर शिविर में नहीं पहुंचे थे। जिससे दिव्यांगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। करीब 12 बजे डॉक्टर यहां आए।

दिव्यांगों का छलका दर्द
प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आई हूं, सुबह नौ बजे यहां पहुंच गई थी, लेकिन जानकारी करने पर पता चला कि अभी तक डॉक्टर नहीं आए हैं।-गीता जैन, सिविल लाइंस

मैं पैर से दिव्यांग हूं, एक साल से चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन हर बार टाल मटोल कर दी जाती है। अभी तक प्रमाण पत्र नहीं बना है। अब मैं डीएम से शिकायत करुंगा।-देवचंद्र, गांव सुकटिया।

घर से तो परिजन ले आते हैं, लेकिन यहां बैठने का इंतजाम नहीं है। जमीन पर ही बैठकर डॉक्टरों का इंतजार करना पड़ता है। पांच चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं है।-मुन्ना, मल्लपुर।

ये भी पढ़ें- बरेली: सिटी स्टेशन का होगा पुनर्विकास, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल शिलान्यास