Azamgarh ATS New Unit: आजमगढ़ में बनेगी एटीएस की नई यूनिट, पूर्वांचल में संदिग्ध और आतंकी गतिविधियों पर निगरानी

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बल्देव मंदुरी गांव में 5 बीघे जमीन आवंटित

आजमगढ़, अमृत विचार । पूर्वांचल क्षेत्र में आतंकवाद और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। यूपी सरकार आजमगढ़ में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की नई यूनिट बनाने की तैयारी कर रही है। इस यूनिट के शुरू होने के बाद पूर्वांचल के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा सख्त हो जाएगी। 

नई यूनिट के भूमि आवंटित 

शासन से मंजूरी मिलते ही सगड़ी तहसील के बल्देव मंदुरी गांव में ATS की नई यूनिट के लिए करीब पांच बीघा जमीन आवंटित कर दी गई है। जिला प्रशासन ने इसकी पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही उस जगह पर यूपी ATS का बोर्ड भी लगा दिया गया है। अब ATS मुख्यालय लखनऊ की ओर से वहां भवन बनाने और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित करने का काम जल्द शुरू होगा।

UP ATS Azamgarh

आखिर क्यों बन रही नई यूनिट?

बीते कई सालों में देशभर में हुई कई आतंकी घटनाओं की जांच में आजमगढ़ और पूर्वांचल का नाम बार-बार सामने आ रहा है। हाल ही में ATS ने आजमगढ़ के संजरपुर से मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है। जिसका संबंध पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और ISI से मिला है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी भी आजमगढ़ से गिरफ्तार हुआ था।

इन जिलों पर रहेगी नजर 

ATS यूनिट शुरू होने के बाद आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, भदोही, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, संत कबीर नगर, बस्ती और आसपास के अन्य जिलों में भी संवेदनशील सूचनाओं पर सतर्क नजर रखी जा सकेगी।

स्थानीय स्तर पर फायदा

आजमगढ़ के एसपी डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक स्थानीय स्तर पर ATS की मौजूदगी से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई हो सकेगी। साथ ही पुलिस, ATS और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनेगा। इससे आतंकवाद, कट्टरपंथ और संगठित अपराध के मामलों की जांच भी तेज और प्रभावी होगी। यह कदम पूर्वांचल में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम माना जा रहा है। यूनिट के पूरा बनने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो जाएगी।

संबंधित समाचार