सहारनपुर: अवैध संबंध के शक में पति ने गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद छोटे भाई को भी मारी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के मंडी क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक सिरफिरे ने मंगलवार को अपनी गर्भवती पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी और छोटे भाई को गंभीर रुप से घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह क्षेत्र के रायवाला स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर जिशान सिद्दीकी नाम के व्यक्ति ने अपनी तीन माह की गर्भवती पत्नी जाफरा परवीन (30) उर्फ आलिया की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतका का सात साल का एक बेटा भी था। आलिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद जीशान सिद्दीकी वर्धमान कॉलौनी स्थिति अपने घर पर पहुंचा और अपने छोटे भाई रिहान सिद्दीकी पर भी गोली चला दी जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। रिहान को नाजुक हालत में पीजीआई चण्डीगढ़ रेफर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि जीशान और उसकी पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था जिसके कारण आलिया काफी समय से अपने मायके मेहंदी सराय में रह रही थी। जीशान को शक था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध उसके छोटे भाई रिहान सिद्दीकी के साथ हैं। उसे यह भी शक था कि आलिया के गर्भ में उसके भाई का ही बच्चा पल रहा है।

पुलिस के मुताबिक आज सुबह जीशान सिद्दीकी अपनी ससुराल गया और पत्नी को पैसे देने का बहाना बनाकर अपने साथ रायवाला में एचडीएफसी के एटीएम पर ले गया वहां ले जा कर उसने पत्नी की हत्या कर दी और भाग गया। पत्नी की हत्या करने के बाद जीशान वर्धमान कालौनी कोतवाली देहात गया जहां उसने अपने छोटे भाई पर भी फायर कर दिया। जो गम्भीर रूप से घायल हो गया।

एसपी सिटी ने बताया कि जीशान सिद्दीकी को गिरफ्तार करने के लिये एसओजी टीम को लगाया गया है। आलिया के पिता मौ आसिफ ने दामाद जीशान सिद्दीकी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का नामजद मुकदमा कराया है।

यह भी पढ़ें:-श्रावस्ती: इकौना तहसील का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश

संबंधित समाचार