फिरोजाबाद: लापरवाही में प्रसूता की मौत, 4 चिकित्सकों समेत 7 पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज... अस्पताल सील
फिरोजाबाद, अमृत विचार। जिले के टूंडला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा रोड के उदय नगर में बने एक प्राइवेट अस्पताल टूंडला हेल्थ केयर सेंटर में चिकित्सकों और स्टाफ की लापरवाही के चलते एक प्रसूता की प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया।
मृतका के पति राम गोपाल निवासी गढ़ी जोरी थाना पचोखरा द्वारा इस मामले में टूंडला हेल्थ केयर सेंटर के चार चिकित्सकों डॉक्टर ए के शर्मा ,डॉक्टर आर पी सिंह जादौन, डॉक्टर डीपी सिंह जादौन, डॉक्टर नेहा सिंह जादौन, कंपाउंडर यशवीर नर्सिंग स्टाफ प्रीति और गांव की आशा मंजू देवी पत्नी राजवीर के विरुद्ध थाना टूंडला में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक रामगोपाल की पत्नी काजल 24 वर्ष को बीते मंगलवार प्रसव पीड़ा हुई थी। प्रसव पीड़ा के दौरान गांव की आशा बहन मंजू द्वारा टूंडला स्थित टूंडला हेल्थ केयर सेंटर में यह कहकर भर्ती कराया गया था की अस्पताल में कम पैसों में अच्छी सुविधा के साथ इलाज किया जाता है। रामगोपाल ने अस्पताल संचालक डॉक्टर ए के शर्मा को पत्नी को भर्ती करते समय 13000 रुपए नगद जमा कराए थे।
रामगोपाल के मुताबिक अस्पताल संचालकों ने सामान्य प्रसव के लिए 8 हजार और सर्जरी के द्वारा प्रसव के लिए 30 हजार के पैकेज बताए गए थे। उसकी पत्नी काजल का प्रसव बुधवार को ऑपरेशन द्वारा डॉक्टर ने किया था, इसके बाद काजल को डॉक्टरों की लापरवाही के चलते अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, इसके बाद आनन फानन में अस्पताल संचालक चिकित्सकों द्वारा अपनी गाड़ी में रखकर प्रसूता को आगरा ले जाने लगे, इसी दौरान रास्ते में प्रसूता ने अत्यधिक ब्लीडिंग के चलते दम तोड़ दिया प्रसूता का पति राम गोपाल रास्ते में यह सदमा बर्दाश्त ना कर सका और बेहोश हो गया।
शातिर अस्पताल संचालकों ने मृतक प्रसूता के शव को उसके गांव छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए। मृतका के परिजनों द्वारा इसके बाद टूंडला पहुंचकर प्राइवेट अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया गया, हंगामे के बाद टूंडला सीओ अनिवेश कुमार और इंस्पेक्टर टूंडला कुलदीप दीक्षित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की समझा बुझाकर शांत किया।
इसके बाद मृतका के शव पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक काजल के पति के तहरीर के आधार पर अस्पताल के चिकित्सकों, स्टाफ के साथ-साथ आशा मंजू देवी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले में एसीएमओ डॉक्टर बी डी अग्रवाल ने बताया कि टूंडला हेल्थ केयर सेंटर नाम के अस्पताल को सील कर दिया गया है।अस्पताल किस डॉक्टर के नाम से संचालित है इसकी जांच की जा रही है, महिला के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चिकित्सकों का पैनल बनाकर सबका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी ।
ये भी पढे़ं-Agra News: पीएम मोदी राम तो अमित शाह और योगी हैं लक्ष्मण- नवीन जैन
