अमरोहा में चिपकाए गए सांसद दानिश अली के लापता होने के पोस्टर, लिखा- ढूंढने वाले को मिलेगा इनाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। सांसद दानिश अली के विरोध में जिले में कई जगह पोस्टर चस्पा कर दिए गए। जिन पर लिखा है कि अमरोहा सांसद लापता, लापता, लापता, ढूंढ़ने वाले को इनाम मिलेगा। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस तरह के पोस्टर चस्पा कराने वाला कौन है। लेकिन, पोस्टर पर अमरोहा वासी लिखा है। पोस्टर देखकर लोग तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव आते ही जिले की सीट पर माहौल गरमा गया है। अमरोहा लोकसभा सांसद इस बार चर्चाओं में रहे। पहले तो रेलवे स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में भारत माता की जय न बोलने के आरोपों में घिरने के बाद से लगातार दानिश अली चर्चाओं में रहे। इसके बाद लोकसभा में भाजपा सांसद द्वारा उन पर जमकर टिप्पणी की गई थी। उसको लेकर भी वह चर्चा में रहे। इसके बाद चुनाव के नजदीक आते दानिश अली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से नजदीकियां बनाईं तो उन्हें बसपा ने निलंबित कर दिया। उसके बाद राहुल गांधी से मुलाकात और जिले में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होना काफी चर्चाओं में हैं।

हालांकि अमरोहा सीट गठबंधन के चलते कांग्रेस के खाते में चली गई। जिसके बाद सांसद दानिश अली के टिकट के कयास लगाए जाने लगे। उनकी कांग्रेस से दावेदारी पुख्ता मानी जाने लगी। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी ने प्रेसवार्ता कर सांसद दानिश का खुलकर विरोध किया था। कहा कि दानिश अली को अभी तक पार्टी ने ज्वॉइन नहीं कराया है तो टिकट का कोई मतलब नहीं बनता। वह बाहरी हैं। पार्टी हाईकमान ही टिकट फाइनल करेगा।

इस बीच गुरूवार को अमरोहा, नौगांवा सादात, गजरौला और हसनपुर क्षेत्र में सांसद दानिश अली के विरोध में पोस्टर लगाए गए। जिन पर लिखा है कि लापता, अमरोहा सांसद लापता लापता लापता, ढूंढ़ने वाले को इनाम मिलेगा। अमरोहा वासी। बसपा से निष्काशित सांसद दानिश अली का जमकर विरोध दिखा। पोस्टर को लेकर जिले भर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जिसके बाद चुनावी माहौल गरमा गया है। 

मैं लगातार पांच साल से अमरोहा की जनता के बीच हूं। मैं लोगों के दिलों पर राज करता हूं। मुल्यों और सिद्धांतों की राजनीति करता हूं। यह कुछ लोगों का षडयंत्र है, जिससे मैं डगमगाने वाला नहीं हूं। जनता इस बात को बखूबी जानती है।-कुंवर दानिश अली, सांसद अमरोहा

ये भी पढ़ें : अमरोहा : बंद मकान में चल रहा था नशे का कारोबार, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मारा छापा...डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही कीमत

संबंधित समाचार