बरेली: वीडियो ट्वीट कर बोली- न्याय नहीं मिला तो एसएसपी ऑफिस पर कर लूंगी आत्महत्या
बरेली,अमृत विचार। सौतेली मां और भाई पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज लड़की ने पुलिस को ट्वीट करके एसएसपी कार्यालय में खुदकुशी करने की चेतावनी दी है। साथ ही उसने पिता की ओर से दर्ज कराई गई एनसीआर को खत्म करने की मांग भी की है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट …
बरेली,अमृत विचार। सौतेली मां और भाई पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज लड़की ने पुलिस को ट्वीट करके एसएसपी कार्यालय में खुदकुशी करने की चेतावनी दी है। साथ ही उसने पिता की ओर से दर्ज कराई गई एनसीआर को खत्म करने की मांग भी की है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट गेट के पास रहने वाले शिक्षक की बेटी माधुरी ने पुलिस को वीडियो ट्वीट करके बताया है कि 2018 में उसकी सौतेली मां और भाई ने उसका गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की थी। उसने इज्जतनगर पुलिस को मां और भाई के खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज न करते हुए उसके पिता की तरफ से जुबानी एनसीआर दर्ज कर ली।
अब लड़की चाहती है कि उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की जाए। उसने बरेली पुलिस को एक वीडियो ट्वीट किया है और चेतावनी दी है कि यदि उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह एसएसपी कार्यालय पर आत्महत्या कर लेगी। आला अधिकारियों के आदेश के बाद सीओ थर्ड मामले की जांच कर रही हैं।
सात दिन का दिया अल्टीमेटम
माधुरी ने एसएसपी को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। उसका कहना है कि यदि सात दिनों में पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो वह उनके कार्यालय में पहुंचकर खुदकुशी कर लेगी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
“एक लड़की ने वीडियो ट्वीट किया है। मामले की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
